रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अंबेडकर नगर

Ambedkar Nagar News:कनासपुर में मिली जमीन, बनेगा आयुर्वेदिक अस्पताल – Land Acquired In Kanaspur; Ayurvedic Hospital To Be Built

November 29, 2026


अंबेडकरनगर। टांडा के इल्तिफातगंज में प्रस्तावित आयुर्वेदिक अस्पताल का निर्माण करीब एक साल तक भूमि विवाद के चलते अटका रहा। शासन से मंजूरी मिलने और निर्माण के लिए पहली किस्त जारी होने के बावजूद जमीन की समस्या दूर नहीं हो पा रही थी। अब राजस्व विभाग की पहल पर टांडा तहसील क्षेत्र के कनासपुर में भूमि उपलब्ध करा दी गई है। इसके साथ ही अस्पताल निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल ने मौके पर नींव की खुदाई का काम शुरू करा दिया है।

इल्तिफातगंज नगर पंचायत में आयुर्वेदिक अस्पताल की स्थापना की मांग लंबे समय से की जा रही थी। स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और आयुर्वेदिक उपचार के लिए दूसरे स्थानों पर न जाना पड़े, इसके उद्देश्य से विभाग ने पिछले वित्तीय वर्ष में शासन को प्रस्ताव भेजा था। करीब तीन महीने बाद प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। इसके बाद निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 15 लाख रुपये कार्यदायी संस्था को जारी किए गए।

हालांकि, अस्पताल के लिए चिह्नित जमीन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। काफी प्रयासों के बाद भी भूमि की समस्या का समाधान नहीं हो सका, जिससे निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। करीब एक साल तक इंतजार के बाद विभाग ने दूसरे स्थान पर जमीन तलाशने की पहल की। राजस्व विभाग ने कनासपुर में भूमि चिह्नित कर उपलब्ध करा दी। अब निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है।

जमीन मिली, जल्द तैयार होगा अस्पताल

कनासपुर में अस्पताल के लिए जमीन मिल गई है। कार्यदायी संस्था ने नींव का काम शुरू करा दिया है। अस्पताल का निर्माण जल्द पूरा कराया जाएगा। इसके शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। – डॉ. रणजीत कुमार, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X