Amroha News:शोध को बेहतर बनाने के साथ प्रकाशन की बारीकियां सीखीं – Learned The Intricacies Of Publishing And Improving Research
अमरोहा। जेएस हिंदू पीजी कॉलेज में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) की ओर से आयोजित छह दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का शनिवार को समापन हो गया। ‘रिसर्च बियॉन्ड बेसिक्स: फ्रॉम रिसर्च प्रॉब्लम टू स्कॉलर्ली पब्लिकेशन’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में शोधार्थियों को शोध समस्या के निर्धारण से शोधपत्र प्रकाशन तक की जानकारी दी गई।
अंतिम दिन लखनऊ स्थित डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के डॉ. श्याम सिंह ने शोध पांडुलिपि को प्रभावी अकादमिक लेख में बदलने और प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित कराने की रणनीतियां बताईं। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण लेखन और उचित जर्नल चयन को महत्वपूर्ण बताया।
दूसरे सत्र में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग के डॉ. मनीष कुमार गौतम ने पीयर रिव्यू, शोध की मौलिकता और प्रकाशन नैतिकता की जानकारी दी। उन्होंने अकादमिक ईमानदारी को शोध की गुणवत्ता और विश्वसनीयता के लिए जरूरी बताया।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक डॉ. अनुराग कुमार पांडेय ने किया। प्राचार्य प्रो. वीरेंद्र सिंह ने विशेषज्ञों, आईक्यूएसी प्रभारी हिमांशु शर्मा, सत्य प्रकाश परमार, डॉ. मोहित शर्मा और आयोजन समिति का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नए शोध दृष्टिकोण प्रदान करते हैं। कार्यशाला में छह दिनों तक विभिन्न विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञों ने शोध पद्धति, डेटा विश्लेषण, अकादमिक लेखन और प्रकाशन का प्रशिक्षण दिया।
