Amroha News:50 करोड़ से आधुनिक होगा अमरोहा…स्मार्ट पार्किंग और डिजिटल लाइब्रेरी संग जगमग होंगे रास्ते – Amroha To Be Modernized With An Investment Of 50 Crore
अमरोहा। शहर की सूरत बदलने और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं देने के लिए नगर पालिका ने करीब 50 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की है। इसमें प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण, मुख्य मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार, नई आबादी के 12 पार्कों का विकास और डिजाइनर स्ट्रीट लाइटें लगाने के प्रस्ताव शामिल हैं। डिजिटल लाइब्रेरी, स्मार्ट पार्किंग, नगरीय संग्रहालय और वर्किंग वूमेन हॉस्टल जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। प्रस्तावों को मंजूरी देने के लिए जल्द पालिका बोर्ड की बैठक हो सकती है।
वर्ष 2021 में नगर पालिका की सीमा का विस्तार होने के बाद पंचायती राज विभाग के 45 गांव छह नए वार्डों में शामिल किए गए थे। इन क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल, बिजली और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना पालिका के सामने बड़ी चुनौती है। कार्ययोजना में नई आबादी के विकास पर विशेष जोर दिया गया है। यहां सड़कों और नालियों का निर्माण कराने के साथ पार्कों को विकसित किया जाएगा। शहर की कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को भी बेहतर बनाने का प्रस्ताव है।
नया पालिका भवन भी बनेगा
नगर पालिका की कार्ययोजना में बुनियादी सुविधाओं के साथ आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएं विकसित करने के प्रस्ताव शामिल हैं। पुराने पालिका भवन को ध्वस्त कर नया कार्यालय बनाया जाएगा। इसके अलावा को-वर्किंग स्पेस, डिजिटल पुस्तकालय, स्टडी सेंटर, स्मार्ट पार्किंग, फूड स्ट्रीट हब, रात्रि एवं साप्ताहिक बाजार, कौशल विकास केंद्र और वाणिज्यिक स्थल विकसित किए जाएंगे। मनोरंजन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नगरीय संग्रहालय, आर्ट गैलरी, प्रदर्शनी स्थल, प्रदर्शन कला केंद्र, कम्युनिटी थियेटर, कैफे और बुक कैफे बनाने की योजना है। वहीं, सीनियर केयर सेंटर, रिटायरमेंट होम, वर्किंग वूमेन हॉस्टल, पेट क्लीनिक, शिशु गृह, निराश्रित गृह और पुनर्वास एवं नैदानिक केंद्र भी प्रस्तावित हैं।
पार्कों में ओपन जिम और योगशाला
शहर के पार्कों में ओपन जिम, योगशाला, अर्बन प्लाजा और बहुउद्देश्यीय खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा रैन बसेरा और कल्याण केंद्र भी बनाए जाने का प्रस्ताव है, ताकि लोग मनोरंजन के साथ स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का लाभ उठा सकें।
दीवारों पर दिखेगी ढोलक और कालीन की पहचान
शहर की प्रमुख दीवारों पर रंग-बिरंगी वॉल पेंटिंग कराई जाएंगी। इनमें अमरोहा की पहचान ढोलक और कालीन की थ्रीडी पेंटिंग खास आकर्षण रहेंगी। चित्रों के माध्यम से पर्यावरण एवं जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त अभियान, हरियाली और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के संदेश भी दिए जाएंगे।
एसी सुविधा वाले बनेंगे 10 मॉडल शौचालय
शहर में 10 मॉडल शौचालय बनाने की तैयारी है। प्रत्येक में 10 सीटें होंगी, जिनमें पांच महिलाओं और पांच पुरुषों के लिए निर्धारित रहेंगी। शौचालयों में एसी की सुविधा देने का भी प्रस्ताव है। साफ-सफाई और देखरेख के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक सफाईकर्मी नियुक्त किया जाएगा।
इस वित्तीय वर्ष में करीब 50 करोड़ रुपये से नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्य कराने की योजना है। नई आबादी के 12 पार्कों का सौंदर्यीकरण कराने के साथ पूरे शहर में डिजाइनर लाइटें लगाई जाएंगी। शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने पर विशेष जोर रहेगा।
– दिनेश कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका अमरोहा
