Amroha News:युवक की मौत, पहली पत्नी ने दूसरी पर लगाया जहर देकर हत्या का आरोप – Man Dies; First Wife Accuses Second Wife Of Poisoning Him To Death
नौगावां सादात। कोतवाली क्षेत्र के गांव शिकरिया में अब्दुल मलिक (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पहली पत्नी शाहीन ने दूसरी पत्नी और उसके परिजनों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। शिकायत पर पुलिस ने दफीने की तैयारी रुकवाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।
पुलिस के मुताबिक, गांव निवासी अब्दुल खालिक के बेटे अब्दुल मलिक शीशे के कारीगर थे और बेंगलुरु में काम करते थे। इन दिनों वह छुट्टियों में घर आए हुए थे। करीब दस साल पहले उनकी शादी बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव नंगली निवासी शाहीन से हुई थी।
शादी के दो साल बाद संतान नहीं होने पर दोनों में विवाद हो गया और शाहीन मायके चली गई। इसके बाद अब्दुल मलिक ने गांव की एक अन्य महिला से निकाह कर लिया। दूसरी पत्नी से उसका एक बेटा है।
शुक्रवार सुबह अब्दुल मलिक की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। शाम को दफीने की तैयारी के दौरान पहली पत्नी शाहीन ने थाने पहुंचकर दूसरी पत्नी और उनके परिजनों पर जहर देकर हत्या करने की शिकायत की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। देर रात प्रक्रिया पूरी होने पर शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद दफीना कर दिया गया।
सीओ डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
