AIIMS Study: आयरन लेने के बाद नहीं ठीक हो रहा एनीमिया? एम्स की रिसर्च में सामने आई अहम वजह
Last Updated:
How To Cure Anemia: एनीमिया होने पर आयरन रिच डाइट और सप्लीमेंट्स पर फोकस किया जाता है. लेकिन कई बार शरीर में इसके बावजूद हेल्दी रेड ब्लड सेल्स रिस्टोर न हो पाते हैं, या हीमोग्लोबिन लेवल कम ही रहता है. इसका कारण हाल ही में एम्स की स्टडी में सामने आया है. यदि आप भी लंबे समय से आयरन की गोलियां खा रहे हैं, और इसका कोई खास असर नहीं समझ आ रहा है, तो यहां जान लीजिए आपको क्या करना चाहिए.
शरीर में खून की कमी यानी एनीमिया होने पर डॉक्टर अक्सर आयरन की गोलियां या सप्लीमेंट लेने की सलाह देते हैं. खासकर महिलाओं में ये समस्या काफी आम है. दुनियाभर में सबसे ज्यादा भारत की महिलाएं एनीमिया से जूझ रही हैं. आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने में मदद करता है. हीमोग्लोबिन खून में मौजूद वो तत्व है, जो शरीर के हर हिस्से तक ऑक्सीजन पहुंचाता है. लेकिन कई बार सिर्फ आयरन लेने से भी खून की कमी पूरी तरह दूर नहीं होती. इसका कारण अब एम्स की स्टडी में सामने आया है.
AIIMS के शोधकर्ताओं ने पाया कि आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया के मरीजों में अगर विटामिन D का स्तर भी कम है, तो उन्हें आयरन के साथ विटामिन D देने से ज्यादा फायदा हो सकता है. ये शोध अमेरिकन सोसाइटी फॉर न्यूट्रिशन की पत्रिका ‘द जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन’ में प्रकाशित हुआ है. इस स्टडी में 400 वयस्कों को शामिल किया गया था, जिनमें आयरन की कमी के कारण एनीमिया था. इनमें से 385 लोगों ने 90 दिनों का अध्ययन पूरा किया. सभी मरीजों को आयरन, फोलेट और विटामिन B12 दिया गया. वहीं, विटामिन D की कमी वाले मरीजों के एक समूह को इसके साथ 6 हफ्तों तक हर सप्ताह 60,000 IU विटामिन D भी दिया गया.
विटामिन D लेने वाले मरीजों में ज्यादा सुधार
शोध में पाया गया कि जिन मरीजों को आयरन के साथ विटामिन D भी दिया गया, उनके हीमोग्लोबिन के स्तर में ज्यादा सुधार हुआ. 90 दिनों के बाद इस समूह में हीमोग्लोबिन का औसत स्तर 11.95 g/dL था, जबकि सिर्फ आयरन लेने वाले विटामिन D की कमी वाले मरीजों में यह 10.48 g/dL रहा. इसके अलावा शरीर में जमा आयरन के स्तर में भी अंतर देखने को मिला. इसे जांचने के लिए फेरिटिन नाम के प्रोटीन की जांच की गई. विटामिन D लेने वाले मरीजों में फेरिटिन का स्तर 51.62 ng/mL था, जबकि दूसरे समूह में यह 36.16 ng/mL रहा.
आयरन के साथ विटामिन D क्यों जरूरी है?
AIIMS के शोधकर्ता एचएन यादव के मुताबिक, कई दशकों से एनीमिया के इलाज में आयरन और फोलिक एसिड दिया जा रहा है. इसके बावजूद कुछ मरीजों में हीमोग्लोबिन उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ता. ऐसे में विटामिन D की कमी भी एक वजह हो सकती है. हालांकि शोधकर्ता ये समझने की कोशिश कर रहे हैं कि इसका शरीर में लाल रक्त कोशिकाएं बनाने और आयरन को सही तरीके से इस्तेमाल करने में क्या योगदान है.
आपको क्या करना चाहिए?
यदि आप लंबे समय से आयरन की गोलियां खा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद आपके ब्लड रिपोर्ट में हीमोग्लोबिन का लेवल कम ही आ रहा है, तो डॉक्टर से विटामिन D के स्तर की जांच के बारे में बात करें. हालांकि, शोधकर्ताओं ने साफ किया है कि इसका मतलब यह नहीं है कि एनीमिया के हर मरीज को विटामिन D सप्लीमेंट लेना चाहिए. इसका फायदा उन लोगों में ज्यादा हो सकता है, जिन्हें आयरन की कमी के साथ विटामिन D की कमी भी है.

शारदा सिंह एक अनुभवी लाइफस्टाइल पत्रकार हैं, जिनके पास डिजिटल मीडिया और कंटेंट लेखन के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से…
और पढ़ें
