राजधानी लखनऊ के शादी से इनकार करने पर एक युवती पर तेजाब फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के रिश्तेदार के बेटे ने इस वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के माता-पिता पर भी चाकू से हमला कर दिया।
घटना उदयगंज इलाके की सुबह करीब 4 बजे की है। घटना में युवती और उसके माता-पिता घायल हो गए। तीनों को केजीएमयू में भर्ती कराया गया है। आरोपी पीड़ित परिवार के घर के पास ही रहता है। बताया जा रहा है कि आरोपी और पीड़ित परिवार के बीच रिश्तेदारी भी है।
शोर सुनकर पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसी ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे सभी लोग सो रहे थे। इसी दौरान अचानक शोर सुनाई दिया। आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जुट गई।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
पड़ोसियों के मुताबिक, इसके बाद लोगों ने फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। वहीं, एक छोटे बच्चे ने बताया कि इस घटना को चाचा ने अंजाम दिया है। मामले में युवती के चाचा ने आरोपी युवक के खिलाफ हुसैनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल तीनों घायलों का केजीएमयू में उपचार चल रहा है।