बाल विवाह रोकने में युवा निभाएं अहम भूमिका :विश्राम मीणा – Youth Should Play A Key Role In Preventing Child Marriage: Vishram Meena
कुरुक्षेत्र। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए युवाओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होकर आगे आना होगा। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि हरियाणा सरकार बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 को सख्ती से लागू कर रही है। बाल विवाह से बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तथा उनके भविष्य के सपने भी प्रभावित होते हैं। प्रशासन की ओर से आंगनवाड़ी, आशा वर्कर्स, सरपंच, प्रिंसिपल और ग्राम सचिवों के माध्यम से गांवों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। बाल विवाह में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुशासन पुरस्कार के लिए कल तक करें आवेदन
कुरुक्षेत्र। हरियाणा सुशासन पुरस्कार योजना-2026 के तहत उत्कृष्ट और नवाचारपूर्ण कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और समूहों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक आवेदक 30 नवंबर तक संबंधित विभागाध्यक्ष के माध्यम से आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन अपलोड कर सकते हैं। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। योजना का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और नवाचार को बढ़ावा देना है। प्रशासनिक सुधार, नई तकनीक के उपयोग और जनसमस्याओं के समाधान में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सुशासन दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।
सड़क हादसे में घायलों को सात दिन तक मिलेगा कैशलेस इलाज
कुरुक्षेत्र। सड़क दुर्घटना में घायल पात्र लोगों को पीएम राहत योजना के तहत अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। यह लाभ दुर्घटना की तारीख से अधिकतम सात दिनों तक उपलब्ध रहेगा। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक परेशानी के कारण घायलों के उपचार में देरी रोकना है। मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 162 के तहत शुरू की गई इस योजना के क्रियान्वयन को लेकर सर्वोच्च न्यायालय ने 26 मई 2026 को सिविल रिट याचिका संख्या 726/2024 में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से योजना के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।
