राजस्थान:दौसा मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग ऑफिसर्स का प्रदर्शन, मानदेय कटौती के विरोध में बांधी काली पट्टी – Dausa-nursing-officers-black-band-protest-honorarium-cut-recovery
दौसा जिला अस्पताल में कार्यरत संविदा राजमेस (RajMES) नर्सिंग ऑफिसर्स ने मानदेय में भारी कटौती और अनुचित रिकवरी के विरोध में शनिवार (28 नवंबर) को काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। इस दौरान नर्सिंग कर्मियों ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन कर रहे नर्सिंग कर्मियों ने कहा कि वे दिन-रात मरीजों की सेवा में जुटे हैं, लेकिन उन्हें उनका हक नहीं मिल रहा है। कई महीनों से वेतन बकाया होने और मानदेय में कटौती के कारण उनके परिवारों के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
प्रदेश अध्यक्ष राकेश सैनी बनियाना ने बताया कि एक ओर सरकार समान काम, समान वेतन की नीति पर काम करने की बात कह रही है, वहीं दूसरी ओर राजकीय मेडिकल कॉलेज दौसा के प्रधानाचार्य ने रिक्त पदों के विरुद्ध निविदा और संविदा पर कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर्स के मानदेय में भारी कटौती कर दी है। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 से अब तक कार्मिकों को केवल तीन महीने का वेतन दिया गया है। इसमें भी मूल मानदेय से भारी कटौती की गई है। इसके अलावा कार्मिकों से अनुचित रिकवरी भी की जा रही है।
पढ़ें: भ्रामक विज्ञापन मामले में सलमान खान को बड़ी राहत, उपभोक्ता आयोग की कार्रवाई पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक
राकेश सैनी ने आरोप लगाया कि राजस्थान के किसी अन्य मेडिकल कॉलेज में इस तरह की वेतन कटौती नहीं की गई है। केवल दौसा मेडिकल कॉलेज में ही ऐसा निर्णय लिया गया है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और राजमेस के कुछ उच्च अधिकारियों पर सरकार के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को गुमराह कर बिना अनुमति आदेश जारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के फैसलों से सरकार की छवि धूमिल हो रही है।
जिला अध्यक्ष विजय कुमार मीणा ने कहा कि पूर्व में मेडिकल कॉलेज प्राचार्य के आदेश के बाद ही नर्सिंग कर्मियों का वेतन बढ़ाया गया था। यह बढ़ोतरी राजमेस जयपुर के पत्रों और वित्त विभाग के परिपत्र के साथ राजस्थान कांट्रेक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट रूल्स-2022 की अनुमोदित दरों और वित्त विभाग की सहमति के अनुरूप थी। इसके बावजूद अब बिना किसी वैध आधार के मानदेय घटा दिया गया है, जिससे कार्मिकों का आर्थिक शोषण हो रहा है।
नर्सिंग कर्मियों ने मांग की कि मानदेय कटौती का आदेश तत्काल वापस लिया जाए, अनुचित रिकवरी रोकी जाए और बकाया वेतन का जल्द भुगतान किया जाए।
