राजस्थान:47 दिन तक पुलिस को देता रहा चकमा, तीन जिलों के पांच थानों में वांछित कुलदीप गिरफ्तार – Rajasthan: Kuldeep Wanted Across Five Police Stations In Three Districts Arrested After Evading Police

अपराध
November 29, 2026

अपराध
खैरथल-तिजारा के ततारपुर थाना पुलिस ने तीन जिलों के पांच थानों में वांछित 23 वर्षीय आरोपी कुलदीप उर्फ चन्दू को गिरफ्तार कर लिया। अपहरण, फिरौती और डकैती के मामलों में शामिल यह आरोपी पिछले 47 दिन से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने तकनीकी सूचना और मुखबिरों से मिली सटीक जानकारी के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस करके यह सफलता हासिल की।
ठिकानों पर दबिश देकर दबोचा
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत विशेष टीम का गठन किया गया था। ततारपुर थानाधिकारी महावीर सिंह शेखावत के नेतृत्व में गठित इस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने ततारपुर थाना क्षेत्र में संभावित स्थानों पर दबिश देकर आरोपी को दबोच लिया। इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक हंसराज यादव, हेड कांस्टेबल सत्यपाल, कांस्टेबल राजाराम और बजरंगलाल शामिल रहे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी कुलदीप को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए खैरथल थाना पुलिस को सौंप दिया।
पांच थानों में दर्ज हैं केस
गिरफ्तार आरोपी कुलदीप उर्फ चन्दू ततारपुर थाना क्षेत्र के बडली गांव का निवासी है और उसके पिता का नाम रोहिताश है। वह खैरथल थाने में दर्ज एक मामले में 12 अक्तूबर से लगातार वांछित चल रहा था। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ मुंडावर, सदर अलवर, एनईबी अलवर और कोटपूतली थानों में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि खैरथल-तिजारा पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
November 28, 2026
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली विस्तार पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन से उत्साहित राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। जूली ने मालाखेड़ा और उमरैण सहित पूरे अलवर जिले तथा प्रदेश में कांग्रेस के प्रधान बनने का दावा करते हुए कहा कि भाजपा धनबल, गुंडागर्दी और […]
November 27, 2026
दुष्कर्म विस्तार करीब तीन महीने पहले घर से लापता हुई नाबालिग लड़की को पुलिस ने गुजरात के मुंद्रा और उत्तर प्रदेश के मथुरा होते हुए झालावाड़ जिले के भवानीमंडी से सुरक्षित ढूंढ निकाला है। मामले में पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी उत्तर प्रदेश का […]
November 27, 2026
राजस्थान के खैरथल जिले में पानी लेकर घर लौट रही एक महिला पर पड़ोसी युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पहले हथौड़ी से महिला के सिर पर दो वार किए। महिला सड़क पर गिरकर बेहोश हो गई, इसके बाद भी हमलावर उस पर लगातार वार करता रहा। पास में मौजूद एक महिला ने […]
