उज्जैन में कड़ाके की ठंड ने दी दस्तक:सिंगल डिजिट में जा सकता है पारा, स्कूलों का समय बदला, अलर्ट जारी – Ujjain: Cold Intensifies Early, Temperature May Drop Below 10°c; Schools Change Timings, Doctors Alert Seniors
उज्जैन में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। दिन में खिल रही धूप जहां लोगों को राहत दे रही है, वहीं रात और सुबह के समय पारा गिरने से कड़ाके की ठंड ने समय से पहले ही दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड के तेवर और अधिक तीखे होने की चेतावनी जारी की है। बढ़ती ठिठुरन को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों के समय में पहले ही बदलाव कर दिया है, वहीं डॉक्टरों ने भी बुजुर्गों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।
तापमान में अचानक आई गिरावट के कारण अस्पतालों में जोड़ों के दर्द, ब्लड प्रेशर (BP) और सांस से जुड़ी समस्याओं के मरीज बढ़ने लगे हैं। इसे देखते हुए डॉक्टरों ने बुजुर्गों को सख्त चेतावनी दी है कि सुबह के समय जब तक कोई बेहद जरूरी काम न हो, घर से बाहर न निकलें। सुबह के समय पड़ रही तेज ठंड और कोहरे का सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों पर पड़ रहा था। बच्चों की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों की टाइमिंग बदल दी गई है। अब शहर के स्कूल सुबह 9 बजे से संचालित किए जा रहे हैं, जिससे बच्चों को सुबह की कड़ाके की ठंड से बड़ी राहत मिली है।
सिंगल डिजिट में जा सकता है पारा
जीवाजीराव वेधशाला के अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र प्रसाद गुप्त ने बताया कि उत्तर भारत के पहाड़ों में हो रही बर्फबारी और वहां से आ रही सर्द हवाओं के कारण उज्जैन में ठंड बढ़ी है। वर्तमान में शहर का न्यूनतम तापमान 11 से 12.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। पिछले 3 दिनों में ही रात के तापमान में 3.5 डिग्री की गिरावट आई है। डॉ. गुप्त ने बताया कि अगले 5 दिनों में पारा 1 से 2 डिग्री और लुढ़केगा तथा 10 दिसंबर के बाद कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होगा, जिससे न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट (10 डिग्री से नीचे) तक पहुंच सकता है।
ये भी पढ़ें: MPPSC 2027 में बड़ा बदलाव: 1 गलती पर कटेगा 1 अंक, जानिए क्या है नई 3R-W पद्धति
जनजीवन, किसानों और राहगीरों पर ठंड का असर
शाम ढलते ही सर्द हवाएं सिहरन पैदा कर रही हैं। रात 8 बजे के बाद सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है। सुबह महाकाल दर्शन और शिप्रा घाट जाने वाले श्रद्धालुओं को सबसे ज्यादा ठिठुरन झेलनी पड़ रही है।
रबी की फसलों (गेहूं, चना, मटर और सब्जियों) के लिए ये ठंड बेहद फायदेमंद साबित हो रही है । कृषि विभाग के अनुसार यदि इस बीच मावठा (शीतकालीन वर्षा) गिरता है तो फसलों को और भी अधिक लाभ होगा।
फुटपाथ और खुले में रात गुजारने वालों के लिए यह ठंड सबसे अधिक खतरनाक है। ऐसे में प्रशासन द्वारा रैन बसेरों और चौराहों पर अलाव की व्यवस्था दुरुस्त करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
बचाव के लिए इन 5 बातों का रखें खास ध्यान
- सुबह 6 से 8 बजे और रात 9 बजे के बाद सबसे अधिक ठंड रहती है, इस दौरान अनावश्यक बाहर निकलने से बचें।
- बच्चों और बुजुर्गों के सिर, कान और पैर अच्छी तरह ढककर रखें। गुनगुने पानी का ही सेवन करें।
- सुबह हल्की धुंध और कोहरा छाने लगा है, इसलिए दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट और फॉग लाइट के तेज गति से वाहन न चलाएं।
- ठंड से बचने के लिए बंद कमरे में अंगीठी या अलाव जलाकर न सोएं, इससे दम घुटने का खतरा रहता है।
- सर्दी-खांसी या बुखार को हल्के में न लें। अस्थमा, शुगर और बीपी के मरीज अपनी दवाइयां नियमित रूप से लें।
