रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उधमपुर

Udhampur News:पीरजादा के निधन पर आजाद और महबूबा ने डामहल पहुंचकर जताया शोक – Jammu Kashmir News

November 29, 2026


अनंतनाग। पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती समेत कई नेताओं ने शनिवार को अनंतनाग के डामहल में पीरजादा मोहम्मद सईद के आवास पर पहुंचकर शोक व्यक्त किया और शोकाकुल परिवार के साथ एकजुटता जाहिर की।

परिवार से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए गुलाम नबी आजाद ने कहा कि पीरजादा मोहम्मद सईद के साथ उनके रिश्ते करीब 50 साल पुराने थे। उन्होंने कहा कि यह रिश्ता यूथ कांग्रेस के दौर से शुरू हुआ था और आज तक कायम रहा।

आजाद ने कहा कि समय के साथ उनके राजनीतिक रिश्ते पारिवारिक संबंधों में बदल गए थे। उन्होंने कहा कि पीरजादा साहब के निधन से दोनों परिवारों के बीच एक गहरा खालीपन पैदा हो गया है।

उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि ऐसा महसूस हो रहा है जैसे परिवार का कोई अपना चला गया हो और किसी इंसान के जाने से एक बड़ा हिस्सा कम हो गया हो।

गुलाम नबी आजाद ने पीरजादा मोहम्मद सईद को अपना निजी दोस्त और साथी बताते हुए कहा कि दोनों ने जीवनभर साथ निभाया और उनके निधन से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में लोग अलग-अलग पार्टियों में रहते हुए भी व्यक्तिगत रिश्ते कायम कर लेते हैं, लेकिन पीरजादा साहब के निधन से राजनीतिक क्षेत्र में भी एक खालीपन पैदा हुआ है।

गौरतलब है कि पीरजादा मोहम्मद सईद का वीरवार को जम्मू स्थित उनके आवास पर संक्षिप्त बीमारी के बाद निधन हो गया था। शुक्रवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव डामहल लाया गया, जहां उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उनके अंतिम संस्कार में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X