गुप्तकाशी। ग्राम पंचायत खुमेरा स्थित मां सिंहभवानी चौक में पांडव नृत्य एवं पांडव लीला का धार्मिक आयोजन विधिवत शुरू हो गया है। यह आयोजन 11 वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित किया जा रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष आत्माराम बहुगुणा ने बताया कि समस्त ग्रामवासियों की आस्था एवं सहयोग से इस धार्मिक आयोजन का शुभारंभ किया गया है। वहीं ग्राम प्रधान मुकेश चंद्र ने कहा कि इस पौराणिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए सभी ग्रामवासी मिलकर अपना सहयोग कर रहे हैं, जिससे आयोजन को भव्य रूप से किया जा रहा है। इस अवसर पर आयोजन समिति के उपाध्यक्ष शशि मेहरा, सचिव नागेंद्र पंवार एवं वरिष्ठ सदस्य प्रदीप नेगी सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि यह आयोजन क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पौराणिक विरासत को जीवंत रखने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।