नवोदय विद्यालय :5735 अभ्यर्थियाें ने दी प्रवेश परीक्षा – Navodaya Vidyalaya: 5,735 Candidates Took The Entrance Exam
जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए शनिवार को जिले के 12 निर्धारित केंद्रों पर चयन परीक्षा हुई।
परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह रहा। नवोदय विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मुदित सक्सेना ने बताया कि कक्षा छह में प्रवेश के लिए 10,078 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें 5052 छात्राएं और 5026 छात्र शामिल थे। शनिवार को आयोजित परीक्षा में 2976 छात्र और 2759 छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस प्रकार कुल 5735 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 4343 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि सभी 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। करंजाकला में परीक्षा सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्धीकपुर स्थित मां दुर्गा सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई। केंद्र पर खुटहन, शाहगंज और सुईथा कला ब्लॉक के कुल 1194 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण था। इनमें से 816 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 378 अनुपस्थित रहे।
इस तरह करीब 68 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 32 प्रतिशत ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा को लेकर सुबह से ही केंद्र पर परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की भीड़ जुटने लगी थी। जौनपुर-शाहगंज-लुंबिनी मार्ग स्थित परीक्षा केंद्र पर दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पहुंचे। केंद्र पर प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की आवश्यक जांच और औपचारिकताएं पूरी कराई गईं। इसके बाद निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू हुई। नवोदय प्रवेश परीक्षा ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों के लिए बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसके माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवासीय सुविधाओं के साथ पढ़ाई का अवसर मिलता है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर तीन ब्लॉकों के 1194 परीक्षार्थियों का पंजीकरण हुआ था। इनमें 816 विद्यार्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया, जबकि 378 अनुपस्थित रहे। संवाद
