Moradabad News:बच्चों के साथ होने वाले शोषण पर नजर रखें शिक्षक, पीड़ित को न ठहराएं दोषी – Teachers Should Keep A Watch For The Exploitation Of Children And Must Not Hold The Victim Responsible
मुरादाबाद। बच्चों के साथ होने वाले शोषण और अपराधों की रोकथाम में शिक्षक अहम भूमिका निभा सकते हैं। बच्चों के व्यवहार में बदलाव और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समय रहते उनकी मदद की जा सकती है। पीड़ित बच्चे को दोषी ठहराने के बजाय उसे सुरक्षा और भरोसा देना जरूरी है।
इसी उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शुक्रवार को सुरक्षित बचपन अभियान के तहत नोडल शिक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जनपद न्यायालय के दस कक्षीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अमित पाल सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान दी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता समेत अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए नोडल शिक्षकों ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ताओं ने शिक्षकों को बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और अधिकारों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध, ऑनलाइन सुरक्षा, सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श तथा निःशुल्क विधिक सहायता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
शिक्षकों को बताया गया कि बच्चों के साथ होने वाले यौन शोषण या किसी अन्य अपराध की जानकारी मिलने पर संवेदनशीलता के साथ कदम उठाना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि पीड़ित बच्चे की पहचान और उसकी गरिमा की गोपनीयता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उसकी बात को गंभीरता से सुना जाए और किसी भी तरह का भेदभाव या दोषारोपण न किया जाए। विद्यालयों में ऐसा सुरक्षित और भरोसेमंद माहौल तैयार करना चाहिए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव तपस्या त्रिपाठी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विद्यालयों में बाल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नोडल शिक्षकों को बच्चों के अधिकारों एवं संरक्षण से जुड़े कानूनों की जानकारी देना है। प्रशिक्षण के समापन पर जनपद न्यायाधीश ने प्रतिभागी शिक्षकों को सहभागिता प्रमाणपत्र वितरित किए। ब्यूरो
