रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
भोपाल एनजीटी बड़ा आदेश:शाहपुरा झील के वेटलैंड में बनी 50 मीटर अस्थायी सड़क तुरंत तोड़ें, 4 माह में हो सीमांकन – Bhopal: Ngt Orders Demolition Of Road In Shahpura Lake Wetland, Seeks Statewide Waterbody Mapping
भोपाल

भोपाल एनजीटी बड़ा आदेश:शाहपुरा झील के वेटलैंड में बनी 50 मीटर अस्थायी सड़क तुरंत तोड़ें, 4 माह में हो सीमांकन – Bhopal: Ngt Orders Demolition Of Road In Shahpura Lake Wetland, Seeks Statewide Waterbody Mapping

November 29, 2026


Bhopal: NGT Orders Demolition of Road in Shahpura Lake Wetland, Seeks Statewide Waterbody Mapping

एनजीटी ऑफिस, भोपाल

विस्तार

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की मध्य क्षेत्र पीठ ने भोपाल नगर निगम को शाहपुरा झील के आर्द्रभूमि यानी वेटलैंड क्षेत्र में बनाई गई 50 मीटर की अस्थायी सड़क को तुरंत ध्वस्त करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही ट्रिब्यूनल ने मध्य प्रदेश सरकार को राज्य भर के सभी जल निकायों और वेटलैंड्स का चार महीने के भीतर वैज्ञानिक सीमांकन पूरा करने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति शिव कुमार सिंह और विशेषज्ञ सदस्य प्रशांत गार्गव की पीठ ने 27 नवंबर को नितिन सक्सेना की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह सख्त रुख अपनाया।

सीमांकन का हलफनामा तलब

ट्रिब्यूनल ने मुख्य सचिव, पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव और राज्य वेटलैंड प्राधिकरण को निर्देश दिया है कि वे चार सप्ताह के भीतर अनुपालन हलफनामा प्रस्तुत करें। जमीनी सत्यापन और वैज्ञानिक सीमांकन की प्रक्रिया को चार महीने में पूरा करना अनिवार्य किया गया है। इसके लिए तमिलनाडु के चार स्तरीय मॉडल को लागू किया जाएगा। इसमें मोबाइल जीआईएस आधारित जमीनी सत्यापन, डिजिटल मैपिंग, राजस्व रिकॉर्ड का मिलान और डिफरेंशियल जीपीएस सर्वेक्षण शामिल हैं। सीमा तय करने के बाद वहां स्थायी सीमा स्तंभ भी लगाए जाएंगे।

ये भी पढ़ें: भोपाल: कलेक्टर के खिलाफ 5 हजार का जमानती वारंट, अतिरिक्त जमीन के मुआवजा मामले में अनुपस्थिति पर हाईकोर्ट सख्त

छोटे जल निकायों का होगा संरक्षण

राज्य वेटलैंड प्राधिकरण को निर्देश दिया गया है कि वह जिला कलेक्टरों को 2.25 हेक्टेयर से छोटे वेटलैंड्स और जल निकायों की पहचान करने के आदेश जारी करे। इन छोटे जल क्षेत्रों को अधिसूचित करके फेंसिंग, सीमा स्तंभों और सघन वृक्षारोपण के माध्यम से संरक्षित किया जाएगा। सुनवाई के दौरान ट्रिब्यूनल ने मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, राज्य वेटलैंड प्राधिकरण और नगर निगम द्वारा 2 सितंबर के आदेश पर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत न करने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। सभी संबंधित विभागों को अगली सुनवाई 8 दिसंबर से कम से कम एक दिन पहले अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

अवैध निर्माण पर जांच के आदेश

संयुक्त समिति की रिपोर्ट में शाहपुरा झील के पास प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कार्यालय भवन और एक सरकारी स्कूल के संभावित अतिक्रमण की बात सामने आई है। इस पर ट्रिब्यूनल ने भोपाल कलेक्टर और राज्य वेटलैंड प्राधिकरण को नापजोख कराने और किसी भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करके एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं। संबंधित उपजिलाधिकारी को भी एक व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल करना होगा। इस हलफनामे में यह प्रमाणित करना होगा कि झील के प्रतिबंधित फुल टैंक लेवल क्षेत्र में कोई अतिक्रमण नहीं है और न ही इसमें बिना उपचारित सीवेज का जल डाला जा रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X