रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Fatehabad News:दोपहर में बसों की कमी से यात्री परेशान, दो से चार बजे तक करना पड़ता है इंतजार – Passengers Are Inconvenienced By A Shortage Of Buses In The Afternoon, Often Having To Wait Anywhere From Two To Four Hours
फतेहाबाद

Fatehabad News:दोपहर में बसों की कमी से यात्री परेशान, दो से चार बजे तक करना पड़ता है इंतजार – Passengers Are Inconvenienced By A Shortage Of Buses In The Afternoon, Often Having To Wait Anywhere From Two To Four Hours

November 29, 2026


फतेहाबाद। जिला मुख्यालय से रतिया, टोहाना और सिरसा रूट पर दोपहर के समय बसों की कमी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। दोपहर दो से शाम चार बजे तक पर्याप्त बसें नहीं मिलने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को बस अड्डे पर लंबा इंतजार करना पड़ता है।

वही रतिया और टोहाना रूट पर सहकारी समिति की बसों के अनियमित संचालन से भी यात्रियों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। यात्रियों का आरोप है कि कई बसें निर्धारित समय पर नहीं पहुंचतीं और कुछ चालक अपनी सुविधानुसार बसों का संचालन करते हैं।

यात्रियों के अनुसार दोपहर के समय कॉलेज से लौटने वाले विद्यार्थियों को सबसे अधिक परेशानी होती है। इसके अलावा जरूरी काम से शहर आने वाले ग्रामीणों को भी घर लौटने के लिए बसों का इंतजार करना पड़ता है। बसों की कमी के कारण कई बार उनकी दिनचर्या प्रभावित होती है।

यात्रियों का कहना है कि रोडवेज महाप्रबंधक कार्यालय की ओर से शनिवार और रविवार को बसों को शहर के अंदर से होकर गुजरने के आदेश भी जारी किए गए हैं। इसके बावजूद कुछ चालक इन आदेशों की अनदेखी कर बसों को बाईपास से ले जाते हैं। यात्रियों ने बसों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और आदेशों की पालना करवाने की मांग की है।

सिरसा जाने वाली कई बसें निकल जाती हैं बाईपास से :

यात्री सुभाष, प्रिंस, अशोक बजाज, प्रवीण कुमार, सरोज लोट और सत्यवान टाक का कहना है कि सुबह और शाम के समय भीड़ के कारण परेशानी होती है। दोपहर में बसों की उपलब्धता और कम हो जाती है। इसका एक प्रमुख कारण दूसरे जिलों से आने वाली रोडवेज बसों का शहर के पुराने बस स्टैंड पर आने के बजाय बाईपास से निकल जाना है। इससे बस स्टैंड पर खड़े यात्रियों को काफी देर तक बस का इंतजार करना पड़ता है।

——

बसें बाइपास जाती है तो कार्रवाई की जाएगी। रतिया व टोहाना रूट पर सहकारी समिति की बस नहीं चलती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए आरटीओ को भेज दिया जाता है।

– सुरेंद्र सिंह, यातायात प्रबंधक रोडवेज फतेहाबाद।

——

सिकंदरपुर में आयोजित सत्संग के लिए आज चलेंगी विशेष बसें

सिकंदरपुर में रविवार को राधा स्वामी सत्संग ब्यास की ओर से वार्षिक सत्संग का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोडवेज की ओर से विशेष बसों का संचालन किया जाएगा। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि सत्संग में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुबह 6 बजे से बसें उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा सत्संग समाप्त होने के बाद श्रद्धालुओं की वापसी के लिए भी विशेष बसों की व्यवस्था की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X