बेहतर रोजगार और मजदूरी का झांसा देकर कर्नाटक ले जाए गए पन्ना जिले के 21 ग्रामीण वहां फंस गए हैं। इनमें 9 महिलाएं और 10 बच्चे भी शामिल हैं। मजदूरों का आरोप है कि उनसे रोजाना 14 से 15 घंटे गन्ने की कटाई और लोडिंग का काम कराया जा रहा है, लेकिन दो महीने से मजदूरी नहीं दी गई। परेशान मजदूरों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सरकार और प्रशासन से मदद मांगी है।
महाराष्ट्र के बजाय कर्नाटक ले जाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, शाहनगर क्षेत्र के इन ग्रामीणों को कथित तौर पर एक दलाल ने महाराष्ट्र के औरंगाबाद में रोजगार दिलाने का भरोसा दिया था। परिवार और बच्चों के साथ निकले मजदूरों को महाराष्ट्र के बजाय कर्नाटक के विजयपुर जिले की इंडी तहसील के पास ले जाया गया। यहां उनसे गन्ने के खेतों में कटाई और लोडिंग का काम कराया जा रहा है। मजदूरों का कहना है कि दो महीने से काम करने के बावजूद उन्हें भुगतान नहीं किया गया। घर लौटने की इच्छा जताने पर भी उन्हें जाने नहीं दिया जा रहा है। मजदूरी नहीं मिलने से उनके सामने खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।
ये भी पढ़ें- उज्जैन: पानी के पाइप को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश में किसान की पीट-पीटकर हत्या, छह आरोपियों पर केस दर्ज
परिजनों ने पुलिस से लगाई गुहार
मजदूरों का वीडियो सामने आने के बाद उनके परिजन भी चिंतित हैं। शनिवार को परिजनों ने बोरी पुलिस चौकी पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और सभी को सुरक्षित वापस लाने की मांग की।
मामले में पन्ना एसपी सब्यसाची सराफ ने संज्ञान लेते हुए एसडीओपी पवई और शाहनगर थाना प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों से सभी 21 मजदूरों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित कराने को कहा गया है। फिलहाल मजदूरों को वापस लाने की कार्रवाई की जा रही है।