रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार न्यूज:पोषण अभियान की राशि की निकासी में देरी, इस जिले के सीडीपीओ निलंबित – Kishanganj-kochadhaman-cdpo-nagendra-kumar-suspended-news
कोसी

बिहार न्यूज:पोषण अभियान की राशि की निकासी में देरी, इस जिले के सीडीपीओ निलंबित – Kishanganj-kochadhaman-cdpo-nagendra-kumar-suspended-news

November 29, 2026


किशनगंज के कोचाधामन के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) नागेंद्र कुमार को वित्तीय अनियमितता, सरकारी कार्यों में लापरवाही और पद के दुरुपयोग के आरोप में समाज कल्याण विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभाग ने 27 नवंबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है।

विभागीय अधिसूचना के अनुसार, बिहार विधानसभा सदस्य सरवर आलम की शिकायत, विभागीय जांच और किशनगंज के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। जांच में कार्यालय संचालन, वित्तीय प्रबंधन, खरीद प्रक्रिया और आंगनबाड़ी केंद्रों की निगरानी में कई अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है।

पोषण अभियान की राशि की निकासी में देरी

जांच रिपोर्ट में पोषण अभियान के तहत आवंटित राशि की निकासी करीब एक महीने तक नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। सामान्य रोकड़ बही में लगभग पांच करोड़ रुपये अग्रिम और करीब एक करोड़ रुपये की अव्यवहृत राशि लंबित रहने का भी उल्लेख किया गया है।

इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण नहीं करने, विभागीय बैठकों में लापरवाही बरतने और अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं करने जैसी कमियां भी जांच में दर्ज की गई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कार्यालय संचालन और वित्तीय प्रबंधन में भी अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती गई।

स्पष्टीकरण असंतोषजनक मिलने के बाद कार्रवाई

विभागीय जांच में सामने आई कमियों की समीक्षा के बाद अनुशासनिक प्राधिकार ने नागेंद्र कुमार के विरुद्ध कार्रवाई का निर्णय लिया। रिपोर्ट के अनुसार, संबंधित पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। समाज कल्याण विभाग ने बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम 9(1) के तहत उन्हें निलंबित किया है।

ये भी पढ़ें- बिहार: विधायक अनंत सिंह का बदला सियासी रुख, अब लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी; जानें किस सीट पर है नजर

निलंबन अवधि में कैमूर रहेगा मुख्यालय

निलंबन अवधि के दौरान नागेंद्र कुमार को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। विभागीय अधिसूचना के अनुसार, निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पटना प्रमंडल के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कार्यालय, कैमूर निर्धारित किया गया है।सीडीपीओ के निलंबन के बाद कोचाधामन बाल विकास परियोजना कार्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था और विभागीय कार्यों के संचालन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X