Tehri News:चंबा पहुंची श्री शंकराचार्य संदेश यात्रा का लोगों ने किया स्वागत – People Welcomed The ‘shri Shankaracharya Sandesh Yatra’ Upon Its Arrival In Chamba
चंबा (टिहरी)। सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और देवभूमि की धार्मिक विरासत के संरक्षण का संदेश लेकर निकली श्री शंकराचार्य संदेश यात्रा चंबा पहुंची। ज्योतिर्मठ से शुरू हुई 21 दिवसीय यात्रा उत्तराखंड के तीर्थस्थलों, धार्मिक परंपराओं और लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ गांव-गांव तक धर्म जागरण का संदेश दे रही है।
चंबा पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। यात्रा दल ने सुरकंडा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। यहां गबर सिंह स्मारक और श्रीदेव सुमन स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। बैठक में स्वामी प्रत्यक्चैतन्यमुकुन्दानंद गिरि ने संबंधों, संस्कारों और गुरु परंपरा के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति केवल पूजा-पद्धति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन-दृष्टि, संस्कार और समाज को जोड़ने वाली आध्यात्मिक चेतना है।
अनुसूया प्रसाद उनियाल ने कहा कि श्री शंकराचार्य संदेश यात्रा सनातन संस्कृति के जागरण, देवभूमि की तीर्थ परंपरा के संरक्षण, धार्मिक विरासत के दस्तावेजीकरण, गोवंश एवं धर्म संरक्षण और संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अभियान है। इस मौके पर पूर्व मंत्री लाखी राम जोशी, राकेश राणा, नरेंद्र चंद रमोला, कीर्ति सिंह बिष्ट, व्यापार सभा अध्यक्ष बलबीर सिंह पुंडीर, सोमवारी लाल सकलानी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष संजय रावत आदि मौजूद रहे। संवाद
