Saharanpur News:सफाईकर्मियों ने नगर विधायक से की सफाई का ठेका निरस्त कराने की मांग – Sanitation Workers Demanded That The City Mla Get The Sanitation Contract Cancelled
– विभिन्न मांगों को लेकर दस दिन से आंदोलन कर रहे हैं नगर निगम के सफाईकर्मी
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। दस दिन से आंदोलन कर रहे नगर निगम के सफाईकर्मियों ने अपनी मांगें मनवाने के लिए शनिवार को नगर विधायक राजीव गुंबर से मुलाकात की। उन्होंने सफाई का ठेका निरस्त कराने सहित अपनी सभी मांगें उनके समक्ष रखीं। इससे पहले नगर निगम में धरना देते हुए नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की।
सफाईकर्मियों की बायोमीट्रिक हाजिरी, कार्य क्षेत्र बदलने और ठेका निरस्त कराने की मांग को लेकर अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ, अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस, उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ सहित सभी संगठन आंदोलन कर रहे हैं। दस दिन से नगर निगम में धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। तीन बार अधिकारियों के साथ वार्ता विफल हो चुकी है। ऐसे में मांगें मनवाने के लिए सफाईकर्मियों का प्रतिनिधिमंडल नगर विधायक राजीव गुंबर से मिला।
उन्हें मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन सौंपा। नगर विधायक ने सफाईकर्मियों की मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। सफाईकर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि नगर विधायक उनकी मांगों को मनवाने में विफल रहे तो सफाईकर्मी हड़ताल करेंगे। इसके लिए महापौर, नगर विधायक और नगर आयुक्त जिम्मेदार होंगे। नगर विधायक को ज्ञापन देने वालों में सोनी आजाद, बृजमोहन चिनालिया, मनमोहन सूद, कंवलदास, बृजमोहन सूद, धीरज आजाद, सुनील घाघट, राजकुमार, गौरव, अंबर चंदेल, कुलदीप, नीरज, अनुज, लक्ष्मण आदि शामिल रहे।
