रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुरादाबाद

Moradabad News:पेराई के साथ गन्ने की मिठास हुई कम – Sugarcane Sweetness Decreased With Crushing

November 29, 2026


मुरादाबाद। जिले में गन्ने की पेराई अधिक हो रही है लेकिन गन्ने से चीनी का उत्पादन अपेक्षाकृत कम हो रहा है। इसको लेकर मिल प्रबंधन भी परेशान हो गए हैं। गन्ने में चीनी की कमी के पीछे गन्ने की प्रजाति बदलना और देर तक हुई बारिश बताई जा रही है।

जिले की चार चीनी मिलों में 27 नवंबर तक 39.32 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई हो चुकी है। इस दौरान गन्ने से 3.54 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ है। इसमें राणा शुगर मिल बेलवाड़ा ने 7.32 लाख क्विंटल, त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड रानी नांगल ने 10.25 लाख क्विंटल, लक्ष्मीजी शुगर मिल्स कंपनी लिमिटेड बिलारी ने 8.73 लाख क्विंटल, दीवान शुगर्स लिमिटेड अगवानपुर 12.87 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई कर ली है। रानीनांगल चीनी मिल के प्रबंधक टीएस यादव का कहना है कि अभी एक क्विंटल में करीब दस किलो चीनी निकल रही है। पहले 11 किलो प्रति क्विंटल चीनी आती थी। इसके पीछे गन्ने की प्रजाति का बदलना अहम कारण है। पहले सीओ 0238 गन्ने में चीनी अधिक पैदा होती थी लेकिन लाल सड़न रोग के कारण उस प्रजाति को हटा दिया गया। अब 1335, 98014, 118, 5011 गन्ने की प्रजातियां आ गई हैं। नई प्रजाति से चीनी कम निकल रही है। इसी प्रकार राणा शुगर मिल का प्रबंधक नरेंद्र चहल का कहना है कि गन्ने की प्रजाति बदलने से प्रति क्विंटल नौ से दस किलो चीनी निकल रही है। इसका प्रमुख कारण देर तक हुई बारिश और दूसरा गन्ने की प्रजाति का बदलना है। पहले सीओ 0238 गन्ने की प्रजाति काफी ताकतवर थी। जिला गन्ना अधिकारी राम किशन का कहना है कि गन्ने से कम चीनी निकलने की बात सामने आई है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X