रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कैथल

Kaithal News:दस माह में रिश्वत के 28 मामले, सबसे अधिक खाकी पर दाग – 28 Bribery Cases In Ten Months; Police Force Bears The Brunt Of The Taint

November 29, 2026


करनाल। रिश्वतखोरी की बात आती है तो सबसे पहले पुलिस पर सवाल उठते हैं। एसीबी करनाल रेंज में वर्ष 2026 के फरवरी से अक्तूबर तक दर्ज 28 प्राथमिकी का विभागवार ब्योरा भी इस धारणा को मजबूती देता है। इन दस माह में रिश्वत मांगने के आरोपों में सबसे ज्यादा पांच मामले पुलिस विभाग से जुड़े सामने आए हैं।

इसके बाद पटवारी और राजस्व विभाग से जुड़े चार मामले हैं। बिजली और सहकारिता विभाग के तीन-तीन मामले दर्ज हुए हैं। पंचायत, नगर निगम, वन, खाद्य एवं आपूर्ति, आयकर, जीएसटी और ट्रेजरी सहित दूसरे विभागों के कर्मचारी भी आरोपों के दायरे में आए हैं।

पुलिस विभाग से जुड़े पांच मामलों में शिकायत निपटाने, राजीनामा कराने और वाहन वापस दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप हैं। पानीपत के थाना किला और थाना तहसील कैंप क्षेत्र में शिकायतों के निपटारे के बदले रकम मांगने की शिकायतें दर्ज हुईं। करनाल के कुंजपुरा क्षेत्र में जांच अधिकारी पर शिकायत निपटाने के नाम पर 20 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा।

एक अन्य मामले में स्कूटर वापस दिलाने के बदले पुलिस कर्मचारियों पर रकम मांगने की शिकायत दर्ज हुई। पानीपत की किशनपुरा पुलिस चौकी से जुड़े मामले में शिकायत निपटाने के लिए 35 हजार रुपये मांगने का आरोप है।

पटवारी के खिलाफ चार मामले, इंतकाल और बंटवारे के काम भी घेरे में

पुलिस के बाद पटवारी और राजस्व विभाग से जुड़े चार मामले सामने आए। इनमें जमीन का इंतकाल, बंटवारे में सुधार और प्लॉट की मालिकाना रिपोर्ट तैयार कराने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप हैं। करनाल के असंध क्षेत्र के जलमाना में पटवारी पर 15 हजार रुपये मांगने की शिकायत दर्ज हुई। जींद के उचाना में जमीन के बंटवारे और इंतकाल में सुधार के लिए आठ हजार रुपये मांगने का आरोप लगा। पानीपत के मतलौडा में प्लॉट की मालिकाना रिपोर्ट तैयार कराने के बदले पांच हजार रुपये और एक अन्य इंतकाल संबंधी काम के लिए 20 हजार रुपये मांगने की शिकायत सामने आई। एक मामले में पटवारी के साथ उसके पति का नाम भी एफआईआर में शामिल है।

बिजली और सहकारिता विभाग के तीन-तीन मामले

बिजली विभाग से जुड़े तीन मामलों में बिजली कनेक्शन और सिक्योरिटी राशि से संबंधित काम, बिजली संबंधी प्रक्रिया और ट्रांसफार्मर बदलवाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप हैं। इनमें पानीपत के नोहऱ-मटलौडा, जींद और उचाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं। सहकारिता विभाग के तीन मामलों में पैक्स प्रबंधक, सहकारी समिति के अधिकारी और सहकारी समितियां कार्यालय के इंस्पेक्टर के खिलाफ शिकायतें दर्ज हुईं। आरोपों में ऑडिट और बोनस, सोसायटी की सिक्योरिटी राशि तथा प्लॉट के हस्तांतरण से जुड़े काम शामिल हैं।

पंचायत के भुगतान से लेकर जीएसटी नोटिस तक मांगी रकम

पंचायत विभाग से जुड़े दो मामलों में ठेकेदार के भुगतान पर 75 हजार रुपये कमीशन और लंबित पंचायत बिल जारी कराने के बदले 1.20 लाख रुपये मांगने के आरोप हैं। जींद में जीएसटी नोटिस से जुड़े मामले में जीएसटी अधिकारी और चार्टर्ड अकाउंटेंट पर पांच लाख रुपये मांगने का आरोप लगा। करनाल में आयकर विभाग के इंस्पेक्टर और सहायक, नगर निगम के कर्मचारी और पानीपत के ट्रेजरी कार्यालय के कर्मचारी के खिलाफ भी रिश्वत मांगने की शिकायतें दर्ज हुईं। इसके अलावा वन विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति, पशु चिकित्सा, आर्म्स लाइसेंस और बागवानी योजना से जुड़े मामले भी एफआईआर में शामिल हैं।

विभागवार एफआईआर की तस्वीर

विभाग/क्षेत्र मामले

पुलिस 5

पटवारी/राजस्व 4

बिजली 3

सहकारिता 3

पंचायत 2

अन्य विभाग 11

कुल 28

इस वर्ष में अभी तक 28 मामले सामने आ चुके हैं। इन सभी पर प्राथमिक की दर्ज की गई है। यदि भविष्य में किसी भी विभाग के खिलाफ रिश्वत की शिकायत आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। – सतीश वत्स, डीएसपी, एसीबी, करनाल

————————————

अदालत में पेशी के दौरान मांगी थी रिश्वत, पुरानी रंजिश से शुरू हुआ था विवाद

करनाल। परमजीत के बेटे खुशप्रीत सिंह के खिलाफ 23 अक्तूबर को तरावड़ी थाने में मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। परमजीत ने खुद बेटे को पुलिस के सामने पेश किया था। मामले की जांच एएसआई अनुराग कर रहा था। एसीबी के अनुसार, 26 नवंबर को जब एएसआई खुशप्रीत को अदालत में पेश करने ले गया तो वहां मौजूद परमजीत से बेटे को बिना परेशानी पेश करने और मारपीट नहीं करने के बदले 50 हजार रुपये मांगे।

शिकायतकर्ता ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए रकम कम करने की बात कही। 27 नवंबर को थाने पहुंचकर दोबारा बातचीत की तो एएसआई 40 हजार रुपये लेने को तैयार हो गया। इसके बाद परमजीत ने एसीबी को शिकायत दी। टीम ने राजपत्रित अधिकारी और गवाह की मौजूदगी में ट्रैप लगाया। शनिवार को शिकायतकर्ता को 40 हजार रुपये देकर थाने भेजा गया। रकम लेते ही एएसआई को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुरानी रंजिश से शुरू हुआ था विवाद

मामले की पृष्ठभूमि गांव रमाना में हुई मारपीट से जुड़ी है। शिकायत के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को विकास और कुलदीप का खुशप्रीत, कुलजोत व अन्य युवकों से झगड़ा हुआ था। रामबीर ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग करवाया था। आरोप है कि इससे नाराज खुशप्रीत ने उसे धमकी दी। अगले दिन रामबीर की दुकान के बाहर खुशप्रीत, कुलजीत और सिमरन पहुंचे। आरोप है कि खुशप्रीत ने तलवार से उसके सिर पर वार किया और कुलजीत ने ईंट मारी। मेडिकल रिपोर्ट में तीन चोटें दर्ज हुई थीं। इस मामले में तरावड़ी थाने में प्राथमिकी संख्या 114 दर्ज हुई थी।

गवाह पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप

रामबीर ने 23 अक्तूबर को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि प्राथमिकी संख्या 114 अदालत में विचाराधीन है और वह इसमें गवाह है। खुशप्रीत और कुलजोत करीब एक महीने से उस पर समझौते का दबाव बना रहे थे। आरोप है कि 22 अक्तूबर की रात दोनों 8 से 10 साथियों के साथ हथियार लेकर उसके घर पहुंचे और हमला करने का प्रयास किया। इस शिकायत पर तरावड़ी थाने में प्राथमिकी संख्या 366 दर्ज हुई थी। इसी मामले में खुशप्रीत को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। जांच एएसआई अनुराग कर रहा था।

रिश्वत मांगे तो यहां करें शिकायत

एसीबी निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। उससे यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि उसने पहले भी इस तरह रिश्वत ली है या नहीं। उन्होंने बताया कि रिश्वत मांगने पर टोल-फ्री नंबर 1064 और 1800-180-2022 पर शिकायत की जा सकती है। व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी सूचना दी जा सकती है। इसके अलावा सतर्क-हरियाणा मोबाइल एप से फोटो, वीडियो, ऑडियो और पीडीएफ साक्ष्य के साथ शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X