नागौर:8 साल की उम्र में विवेन ने रचा इतिहास, पर्यावरण संरक्षण के लिए मिला ग्लोबल अवॉर्ड – Eight-year-old Viven Pareek Wins Global Compassion And Nature Service Award 2026
नागौर जिले में कृष्ण भक्त मीराबाई की पावन धरा मेड़ता की आठ वर्षीय बेटी विवेन पारीक ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में वैश्विक पहचान बनाई है। उन्हें प्रकृति सेवा और बाल सहभागिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए आबूराज में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला में सम्मानित किया गया। समारोह में यूनिसेफ प्रतिनिधिमंडल और करीब तीस प्रमुख संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
एमएफएसीसी के तहत मानसरोवर परिसर में आयोजित इस कार्यशाला का शुभारंभ मेवाड़ राजपरिवार की निवृत्ति ने किया। समापन समारोह में नवीकरणीय ऊर्जा सलाहकार गोलो पिल्ज़ भी शामिल हुए। कार्यशाला में जलवायु संरक्षण, पोषण, बाल कल्याण, स्वच्छता और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
इसी आयोजन के दौरान विवेन का आठवां जन्मदिन भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अतिथियों ने पौधारोपण किया और दीप प्रज्वलन कर मिठाइयां बांटी। जन्मदिन को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने की इस अनूठी पहल ने पूरे आयोजन को बेहद यादगार बना दिया।
ग्रीन बचपन अभियान का नेतृत्व
विवेन ने वर्ष 2023 में पर्यावरण दिवस पर श्री कल्पतरु संस्थान की स्वयंसेविका के रूप में काम शुरू किया था। उनकी सक्रिय कार्यशैली को देखते हुए उन्हें ग्रीन बचपन अभियान का नेतृत्व सौंपा गया। वर्तमान में कक्षा पांच की छात्रा विवेन पांच से बारह वर्ष तक के बच्चों को पर्यावरण गतिविधियों से जोड़ रही हैं। उनके इस प्रेरक अभियान से अब कई देशों के बच्चे जुड़ चुके हैं।
पर्यावरण गतिविधियां और संदेश
विवेन जन्मदिन पर पौधारोपण और रविवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाती हैं। वे गणेश उत्सव के दौरान मिट्टी के गणेश बनाकर बीज विसर्जन करती हैं। गर्मियों के दिनों में पक्षियों के लिए परिंडे लगाने जैसी नियमित गतिविधियां भी करती हैं। उनका स्पष्ट संदेश है कि पर्यावरण संरक्षण हर बच्चे की दिनचर्या और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए।
प्रमुख पुरस्कार और प्रेरणा
विवेन को राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से वृक्ष मित्र पुरस्कार मिल चुका है। उन्हें कलराज मिश्र से ग्रीन आइडियल अवॉर्ड और राष्ट्रीय हरित गौरव पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है। राजस्थान वन विभाग ने भी उनके सराहनीय योगदान के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किया है। उनकी मुख्य प्रेरणा पर्यावरण कार्यकर्ता एवं प्रशासनिक अधिकारी उमा व्यास हैं। श्री कल्पतरु संस्थान पिछले 31 वर्षों में डेढ़ करोड़ से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण कर चुका है।

फोटो – अमर उजाला

फोटो – अमर उजाला
