Una News:ऊना का चावल खाएंगे हमीरपुर और बिलासपुर के उपभोक्ता – Consumers In Hamirpur And Bilaspur Will Eat Rice From Una
ऊना। ऊना के खेतों में किसानों की मेहनत से तैयार हुआ चावल अब हमीरपुर और बिलासपुर के उपभोक्ताओं की थाली तक पहुंचेगा। राज्य खाद्य आपूर्ति निगम ने ऊना जिले में निर्धारित लक्ष्य से अधिक चावल की खरीद की है।
पांच हजार मीट्रिक टन के लक्ष्य के मुकाबले निगम ने 5574 मीट्रिक टन चावल खरीदा है। इसके चलते ऊना से दूसरे जिलों को भी चावल की सप्लाई भेजी जा रही है। अब तक 1435 मीट्रिक टन चावल हमीरपुर और बिलासपुर सहित अन्य जिलों को भेजा जा चुका है।
सरकारी राशन डिपो में स्थानीय किसानों से खरीदे गए चावल की आपूर्ति शुरू होने से प्रदेश के उपभोक्ताओं को प्रदेश में उत्पादित अनाज उपलब्ध होगा।
प्रदेश सरकार के निर्देशों पर खाद्य आपूर्ति विभाग पिछले तीन सीजन से स्थानीय किसानों से चावल की खरीद कर रहा है। इसके तहत राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ऊना, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों के पंजीकृत किसानों से धान खरीद रहा है।
नवंबर महीने से शुरू हुई इस प्रक्रिया के तहत चारों जिलों के पंजीकृत 7966 किसानों से अब तक 34,165.9 मीट्रिक टन चावल की खरीद की जा चुकी है। खरीद का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और 15 दिसंबर तक किसानों से खरीद प्रक्रिया जारी रहेगी।
