Bilaspur News:अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी शब्द गौतम को सरकार से सम्मान का इंतजार – International Volleyball Player Shabd Gautam Awaits Recognition From The Government
एशियन चैंपियनशिप में जीता बेस्ट लिब्रो का खिताब, विश्व चैंपियनशिप में की भारतीय टीम की कप्तानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले बिलासपुर के शब्द गौतम को अब तक प्रदेश सरकार से सम्मान मिलने का इंतजार है। बरठीं क्षेत्र के रियाणा गांव के शब्द ने वर्ष 2025 में अंडर-16 एशियन वॉलीबॉल चैंपियनशिप में बेस्ट लिब्रो का खिताब जीता था। वहीं, वर्ष 2026 में अंडर-17 एफआईवीबी विश्व चैंपियनशिप में भारतीय टीम की कप्तानी की। इसके अलावा उन्होंने चीन में आयोजित अंडर-15 और अंडर-18 वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है। राष्ट्रीय स्तर पर भी वह कई प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। शब्द के पिता पंकज गौतम और परिजनों का कहना है कि हाल ही में सरकार की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में उनके बेटे को आमंत्रित नहीं किया गया। इससे परिवार निराश है। उन्होंने कहा कि इतनी उपलब्धियों के बावजूद खिलाड़ी को सम्मान नहीं मिलना चिंता का विषय है। परिजनों ने प्रदेश सरकार से शब्द गौतम की उपलब्धियों का संज्ञान लेकर उसे उचित सम्मान और प्रोत्साहन देने की मांग की है। फिलहाल शब्द आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटे हैं।
