रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सीहोर:अस्पताल में आयुष्मान के नाम पर लाखों का खेल! सर्दी-जुकाम के मरीजों को कागजों में बना दिया सर्जरी का केस – Ayushman Scam Allegations At Jawar Hospital: Minor Patients Shown As Surgery Cases
सीहोर

सीहोर:अस्पताल में आयुष्मान के नाम पर लाखों का खेल! सर्दी-जुकाम के मरीजों को कागजों में बना दिया सर्जरी का केस – Ayushman Scam Allegations At Jawar Hospital: Minor Patients Shown As Surgery Cases

November 29, 2026


गरीब मरीजों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन पर जावर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सामने आए आंकड़ों ने सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल में पिछले सात वर्षों के दौरान कर्मचारियों को वितरित इंसेंटिव की राशि और मरीजों के उपचार संबंधी रिकॉर्ड में कथित गड़बड़ियों को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि सामान्य सर्दी-जुकाम और बुखार से पीड़ित मरीजों को सरकारी रिकॉर्ड में गंभीर बीमारी और सर्जरी का मरीज दर्शाया गया। अब स्वास्थ्य विभाग ने पुराने रिकॉर्ड की जांच का दायरा बढ़ा दिया है।

सात साल में लाखों का इंसेंटिव वितरण

आयुष्मान योजना के तहत जावर अस्पताल में पिछले सात वर्षों में कर्मचारियों को दिए गए इंसेंटिव के आंकड़े चर्चा में हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मेडिकल ऑफिसर डॉ. अमित माथुर को 23.67 लाख रुपये, वार्ड बॉय संतोष वैद्य को 5.91 लाख रुपये, फार्मासिस्ट अरुणा भिलाला को 5.65 लाख रुपये और मेडिकल ऑफिसर डॉ. कपिल गायकवाड़ को 4.89 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

इनमें वार्ड बॉय को मिली 5.91 लाख रुपये की राशि पर विशेष रूप से सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि नर्सिंग ऑफिसर और एएनएम जैसे स्वास्थ्यकर्मियों को भी इतनी राशि नहीं मिली। ऐसे में इंसेंटिव वितरण का आधार और निर्धारित नियमों के पालन की जांच की मांग की जा रही है।

ये भी पढ़ें- एक विवाह ऐसा भी: बेटी की शादी में आधा करोड़ की बचत 101 जरूरतमंद कन्याओं के नाम की, शिक्षा-शादी में करेंगे मदद

मरीजों को सामान्य इलाज, रिकॉर्ड में गंभीर बीमारी और सर्जरी

मामले का सबसे गंभीर पहलू मरीजों के उपचार संबंधी रिकॉर्ड में कथित गड़बड़ी का है। आरोप है कि सामान्य सर्दी-जुकाम और बुखार से पीड़ित मरीजों को दवाइयां देकर घर भेज दिया गया, जबकि आयुष्मान योजना के दस्तावेजों में उन्हें गंभीर बीमारी से पीड़ित और सर्जरी कराने वाला मरीज दर्ज किया गया।

शिकायतों में यह भी आरोप लगाया गया है कि ऐसे रिकॉर्ड के आधार पर योजना के तहत क्लेम हासिल किए गए और राशि अस्पताल की रोगी कल्याण समिति के खाते में जमा कराई गई। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

60 और 40 प्रतिशत के फॉर्मूले की भी होगी जांच

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सरकारी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत उपचार पैकेज से प्राप्त राशि का 60 प्रतिशत रोगी कल्याण समिति और शेष 40 प्रतिशत कर्मचारियों के इंसेंटिव के लिए निर्धारित बताया गया है। इंसेंटिव की इस राशि में 15 प्रतिशत डॉक्टरों, 10 प्रतिशत नर्सिंग स्टाफ, 8 प्रतिशत लैब टेक्नीशियन और 7 प्रतिशत अन्य कर्मचारियों के लिए तय होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि जावर अस्पताल में इंसेंटिव का वितरण निर्धारित अनुपात और कर्मचारियों की वास्तविक भूमिका के अनुसार हुआ या नहीं।

तीन साल की जांच के बाद पांच साल पुराने रिकॉर्ड खंगाले जा रहे

जावर अस्पताल को लेकर करीब एक साल से शिकायतें सामने आ रही हैं। पहले स्वास्थ्य विभाग ने तीन साल के रिकॉर्ड की जांच कराई थी। हालांकि, शिकायतकर्ताओं का कहना था कि कथित गड़बड़ियां इससे भी पुराने समय की हैं। इसके बाद अब विभाग ने उससे पहले के पांच वर्षों के रिकॉर्ड की जांच शुरू की है।

जांच में मरीजों की केस हिस्ट्री, उपचार संबंधी दस्तावेज, आयुष्मान क्लेम, ऑपरेशन रिकॉर्ड और कर्मचारियों को किए गए इंसेंटिव भुगतान का मिलान किया जाएगा। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि मरीजों के उपचार और क्लेम से संबंधित रिकॉर्ड में कोई अनियमितता हुई है या नहीं।

सीएमएचओ बोले- जांच कमेटी गठित, रिपोर्ट के बाद कार्रवाई

मामले में सीहोर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया कि जावर अस्पताल से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई हैं। मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए जांच कमेटी गठित की गई है। समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार है। यदि मरीजों के नाम पर गलत क्लेम या इंसेंटिव वितरण में अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जा सकती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X