Rishikesh News:गांजा तस्करी करते दो युवक गिरफ्तार – Two Youths Arrested For Cannabis Trafficking
रायवाला। कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान स्कूटी पर 8.6 किलो गांजा तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रभारी कोतवाल मोहन सिंह ने बताया कि सोमवार की हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर एचपी पेट्रोल पंप के समीप नियमित चेकिंग के दौरान एक स्कूटी की तलाशी लेने पर 8.688 किलो गांजा बरामद हुआ। स्कूटी सवार युवकों की पहचान प्रवीण और अजय कुमार निवासी वार्ड नंबर 14, बनखंडी, ऋषिकेश के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी प्रवीण ने बताया कि वह पहले ऋषिकेश में शराब बेचने का काम करता था। शराब तस्करी के कई मामलों में वह जेल भी जा चुका है। बताया कि अपने शौक पूरे करने और जीजा व दोस्तों के कहने पर वह गांजा बेचने लगा। बताया कि वह अपने दोस्त अजय के साथ जवाहर नगर, मेरठ से यह गांजा 32 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। 100 और 200 रुपये की पुड़िया बनाकर इस गांजे को ऋषिकेश क्षेत्र में घूमने आए पर्यटकों को बेचा जाना था। प्रभारी कोतवाली मोहन सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
