Kangra News:25 कॉलेजों और स्कूलों में चलेगा एड्स जागरूकता अभियान – Aids Awareness Campaign To Be Conducted In 25 Colleges And Schools
-विद्यार्थी रैलियां निकालकर संदेह दूर करने का करेंगे काम
-भाषण प्रतियोगिता, जागरूकता रील्स, फेस पेंटिंग और नारा लेखन गतिविधियां होंगी
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। विश्व एड्स दिवस पर कांगड़ा जिले में एचआईवी और एड्स के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिले के 25 कॉलेजों में संचालित रेड रिबन क्लब के सदस्य विभिन्न गतिविधियों से लोगों को जागरूक करेंगे। स्कूलों के विद्यार्थी भी जागरूकता रैलियां निकालकर लोगों को एचआईवी संक्रमण से बचाव और इससे जुड़ी भ्रांतियां दूर करने का संदेश देंगे।
कॉलेजों में रेड रिबन क्लब की ओर से रैली, भाषण प्रतियोगिता, जागरूकता रील्स, फेस पेंटिंग और नारा लेखन जैसी गतिविधियां होंगी। इन कार्यक्रमों से युवाओं को संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों और समय पर जांच व उपचार के महत्व की जानकारी दी जाएगी।
स्कूल स्तर पर भी विद्यार्थी रैलियों और नारों के जरिए संक्रमित व्यक्तियों से भेदभाव न करने का संदेश देंगे। अभियान की रणनीति बनाने के लिए शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने सभी 25 कॉलेजों के रेड रिबन क्लब प्रभारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की।
जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य एचआईवी और एड्स के संबंध में समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना, लोगों को सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना और जांच व उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। 1 दिसंबर को जिले के विभिन्न कॉलेजों और स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। -डॉ. राजेश सूद, जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी, कांगड़ा
