Nainital News:नमी और हवा का मेल न होने से अभी कुछ दिन भाबर कोहरा मुक्त – Due To The Lack Of A Combination Of Moisture And Air, The Bhabar Region Will Remain Free From Fog For The Next Few Days
हल्द्वानी। तराई-भाबर में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। दिन में तो धूप खिल रही है लेकिन सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट आने लगी है। हालांकि, अभी मैदानी इलाकों में कोहरे की स्थिति नहीं बन रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मंगलवार से दो से तीन दिन तक बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डॉ. अजीत नैन ने बताया कि मैदानी इलाकों में अभी कोहरा पड़ने के अनुकूल स्थिति नहीं है। कोहरा बनने के लिए वातावरण में लगातार 75 प्रतिशत से अधिक नमी के साथ हवा का होना भी जरूरी है। वर्तमान में सुबह के समय नमी तो रहती है लेकिन यह लंबे समय तक नहीं टिकती। कुछ समय बाद नमी का स्तर कम होने लगता है। दोपहर के समय यह घटकर 40 से 50 प्रतिशत तक पहुंच रहा है। ऐसे में वातावरण में कोहरा बनने के लिए जरूरी नमी और हवा का स्तर लगातार बना नहीं रह पा रहा है। इधर रविवार को दिनभर धूप खिली और अधिकतम तापमान 27.4 और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
