Kaushambi News:महेवाघाट में फंदे से लटके मिले दो लोेगों के शव – Bodies Of Two People Found Hanging In Mahewaghat
महेवाघाट क्षेत्र में शुक्रवार को दो अलग-अलग गांवों में एक युवक और एक परचून दुकानदार फंदे से लटके मिले। दोनों की मौत हो चुकी थी जब परिजनों को इसका पता चला। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
नौबस्ता गांव निवासी अशोक सिंह (34) शुक्रवार सुबह अपने घर के बरामदे में फंदे से लटके पाए गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अशोक की मां ने उन्हें फंदे से लटका देखा और चीखने लगीं। आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके की औपचारिकताएं पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने बताया कि अशोक की शादी भाखंदा गांव में हुई थी। उनकी तीन बेटियां हैं। वह पहले बाहर रहकर नौकरी करते थे लेकिन दो महीने से घर पर ही थे। उन्होंने किन परिस्थितियों में आत्मघाती कदम उठाया, इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
दूसरी घटना मवई गांव की है। यहां उमेश प्रसाद (50) अपनी दुकान के अंदर फंदे से लटके मिले। वह गांव में परचून की दुकान चलाते थे। परिजनों ने बताया कि उमेश इन दिनों मानसिक बीमारी से परेशान रहते थे। उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं। दो बेटे बाहर नौकरी करते हैं।
दोनों परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
क्षेत्र में एक दिन के भीतर हुई इन दो घटनाओं से ग्रामीणों में शोक है। दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अशोक और उमेश की मौत से उनके बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटनाओं के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि, दोनों मामलों में मौत की स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है।
थानाध्यक्ष कुमार शंकरम ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
