शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बागपत

Baghpat News:20 मिमी बारिश से डूबी धान व सब्जी की फसल, किसानों की परेशानी बढ़ी – Paddy And Vegetable Crops Submerged Following 20 Mm Of Rainfall; Farmers’ Distress Intensifies

October 31, 2026


– जिले में बृहस्पतिवार को रातभर झमाझम बारिश होने से खेतों में जलभराव, धान और सब्जियों की फसलों में 25 फीसदी नुकसान

– लाइनों में फाॅल्ट होने से शहरों समेत 50 गांवों में बत्ती भी गुल हुई, अंडरपास में पानी भरने के लिए वाहन चालक रहे परेशान

संवाद न्यूज एजेंसी

बागपत। यहां बृहस्पतिवार की रात से शुक्रवार सुबह तक हुई 20 एमएम बारिश से खेतों में कटी पड़ी किसानों की धान की फसल डूब गई तो तेज हवा व बारिश से खड़ी फसल गिर गई। बारिश से सब्जियों की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं कई अंडरपास में पानी भरने से वाहन चालक परेशान रहे और कई वाहन खराब होने के कारण धक्का लगाकर बाहर निकालने पड़े।

यहां बृहस्पतिवार की सुबह बारिश शुरू हो गई थी, जो रात में लगातार होती रही और शुक्रवार सुबह तक जारी रही। बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया और एक डिग्री की कमी हो गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं बारिश से दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर सिसाना गांव में भी पानी भर गया, जिससे वाहन चालक परेशान रहे। वहीं बारिश होने से सबसे ज्यादा धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। इस समय धान पककर तैयार है और काफी जगह कटाई चल रही है।

जिले में 25 फीसदी धान की फसल हवा चलने व बारिश के कारण गिरने व दाना टूटने से बर्बाद हो गई। कृषि वैज्ञानिक डॉ. विकास मलिक ने बताया कि लंबे समय तक पानी में रहने से फसल सड़ने और दाना खराब होने का डर है। ऐसे में जहां धान कट चुकी है और वहां खेतों में पानी भर गया है तो खेत से तुरंत पानी निकासी कराई जाए।

— सब्जी व धान की फसल बचाने में लगे रहे किसान

रटौल। गौना के किसान बिट्टू यादव, राजबीर, मास्टर गजेंद्र, लहचौड़ा के आदेश यादव, बिरजू, मोनू शर्मा, सिंगोली के अमित त्यागी, रविशंकर आदि ने बताया कि बारिश होने के कारण धान की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। इस समय खेतों में धान की फसल कटी हुई है और पानी भरने से दाना काला पड़ने का खतरा बना हुआ है। इनके अलावा रटौल के हाजी सुल्तान, रहीश चौधरी की आलू, गौना निवासी ओमदत्त यादव, गजेंद्र यादव की आलू, टमाटर, भिंडी, मूली व लहचौड़ा के दीपक शर्मा, मनोज, संजय, राजकुमार की भी आलू की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। ललियाना अरुण चौधरी, बेद सिंह प्रधान, राजू त्यागी, आशु, कहरका के अमित शर्मा, दीपक ने बताया कि खेतों में पानी भरने से सरसों की फसल को नुकसान पहुंचा है और फसल की फिर से बुवाई करनी पड़ेगी। उन्होंने डीएम से मुआवजा दिलवाने की मांग की है।

— जलभराव व बत्ती गुल होने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ी

अग्रवाल मंडी टटीरी। बारिश होने से कई स्थानों पर जलभराव होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खेकड़ा, अग्रवाल मंडी टटीरी, बावली, सूजरा आदि स्थानों पर अंडरपास में पानी भरने के कारण कई वाहन फंसे, जिनको ट्रैक्टर से खींचकर निकाला गया। वहीं तेज हवा चलने व बारिश के कारण 60 गांवों में लाइन में फाल्ट होने से बिजली गायब रही। इससे गांवों में अंधेरा छाया रहा। बागपत, बड़ौत, खेकड़ा, अग्रवाल मंडी टटीरी, बावली, बिनौली, हिसावदा, सिंघावली अहीर, डौला, अहैड़ा आदि गांवों में बिजली नहीं आने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।

– बारिश से कोल्हू हुए बंद

दोघट। दाहा, टीकरी, दोघट, हिम्मतपुर सूजती आदि गांवों में जलभराव होने के कारण लोगों को परेशानी हुई है। वहीं कोल्हू भी पानी भरने के कारण बंद हो गए हैं। कोल्हू संचालक राजेश, ब्रह्मसिंह समेत अन्य ने बताया कि गन्ने की छिलाई बंद हो गई तो खोई भी भीगने से कोल्हू बंद करने पड़े।

— डीएम से मुआवजा दिलवाने की मांग

बागपत। भाकियू के एनसीआर महासचिव प्रदीप धामा ने बताया कि बेमौसम बारिश के कारण किसानों की धान व ज्वार की फसल बर्बाद हो गई है। बताया कि फैजपुर निनाना, सरूरपुर कलां, नौरोजपुर गुर्जर, सिसाना, लहचौड़ा, सरफाबाद, रटौल, सिंगौली तगा आदि गांवों में किसानों की फसल बर्बाद होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने डीएम दिव्यांशु पटेल को ज्ञापन सौंपकर जल्द ही नष्ट हुई फसल का सर्वे कराकर मुआवजा दिलवाने की मांग की है, ताकि किसानों की आर्थिक मदद की जा सके। डीएम ने उन्हें जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

— वर्जन

– तहसील की राजस्व टीम के साथ खेतों का सर्वे कराया जाएगा और देखा जाएगा कि किस-किस किसान की फसल को कितना नुकसान हुआ है। आकलन करने के बाद शासन को मुआवजे के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी। बाल गोविंद यादव, जिला कृषि अधिकारी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X