पूर्णिया:चार नवंबर को भाजपा की बड़ी पदयात्रा, हिमंता बिस्वा सरमा और दिलीप जायसवाल करेंगे नेतृत्व – Bjp To Hold Mega Divisional Padayatra In Purnia On Nov 4; Assam Cm Himanta Biswa Sarma To Attend
बिहार के सीमांचल में भाजपा 4 नवंबर को शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है। पूर्णिया में आयोजित होने वाली प्रमंडल स्तरीय पदयात्रा में चार जिलों से हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने का दावा किया गया है। इस कार्यक्रम का नारा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रखा गया है। पदयात्रा की अगुवाई असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल करेंगे।
जिला स्कूल मैदान से शुरू होगी पदयात्रा
भाजपा की यह पदयात्रा पूर्णिया स्थित ऐतिहासिक जिला स्कूल मैदान से शुरू होगी। यहां से कार्यकर्ता और नेता जेल चौक तथा आस्था मंदिर होते हुए शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र आरएन साह चौक तक पहुंचेंगे। पार्टी कार्यकर्ता झंडे और बैनर लेकर लोकतंत्र की रक्षा और व्यवस्था में सुधार के नारे लगाएंगे। आयोजन को बड़े स्तर पर सफल बनाने के लिए पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
हिमंता सरमा और दिलीप जायसवाल संभालेंगे कमान
पदयात्रा में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल मुख्य रूप से शामिल होंगे। दोनों नेता पदयात्रा का नेतृत्व करने के साथ कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। इनके अलावा पूर्णिया प्रमंडल के चारों जिलों के सांसद, विधायक, विधान पार्षद, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
चार जिलों में कार्यकर्ताओं को जुटाने की तैयारी
पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज में पदयात्रा के लिए प्रखंड और मंडल स्तर पर बैठकें की जा रही हैं। पार्टी की कोशिश है कि चारों जिलों से अधिक से अधिक कार्यकर्ता पूर्णिया पहुंचें। आयोजन को लेकर रूट चार्ट, सुरक्षा और स्वागत से जुड़ी तैयारियां भी की जा रही हैं।
भाजपा ने बताया संगठन के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रम
भाजपा के पूर्णिया कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने बताया कि यह पदयात्रा सीमांचल और प्रमंडल स्तर पर संगठन के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। उनके अनुसार, विपक्ष और अराजक तत्वों के खिलाफ जनता की आवाज उठाने तथा लोकतंत्र के मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से इसका आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि चारों जिलों से हजारों कार्यकर्ता पूर्णिया पहुंचेंगे और आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
