चलो दिल्ली Live:रामलीला मैदान में जुटेगा विपक्ष, 10 लाख लोगों के पहुंचने का दावा; सुरक्षा के कड़े इंतजाम – Cec Gyanesh Kr India Bloc Ramlila Maidan Live Chalo Delhi Congress Rahul Cjp Opposition V Bjp Nda Govt React
08:34 AM, 01-Nov-2026
कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत बोले- आज की रैली जनता की आवाज
इंडिया ब्लॉक की आज होने वाली रैली को लेकर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा, ”मुद्दा सिर्फ किसी एक व्यक्ति का नहीं है, बल्कि एक संस्था को बचाने और अपने लोकतांत्रिक मूल्यों व लोकतांत्रिक संस्थाओं को सुरक्षित रखने का है। आपने देखा होगा कि हमने इंडिया ब्लॉक के विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों और नागरिक समाज के सदस्यों को शामिल करते हुए मॉक महाभियोग की प्रक्रिया कैसे आयोजित की थी।’
उन्होंने कहा, ”मेरे विचार से इसके लिए जिम्मेदार लोगों को शर्म महसूस करनी चाहिए और उन्हें खुद ही इस्तीफा दे देना चाहिए। हमारी चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पूरी तरह खत्म हो चुकी है। इसीलिए हम कहते हैं कि आज की रैली जनता की आवाज है। असल में यह जनता की अपनी रैली है।”
#WATCH | Delhi: On INDIA bloc’s mega rally today, Congress MP Sukhdeo Bhagat says, “The issue is not just about any one individual; it is about saving an institution and preserving our democratic values and democratic institutions. You might have witnessed how we conducted a ‘mock impeachment’ involving representatives from various parties within the ‘INDIA’ alliance, as well as members of civil society. In my view, those responsible should feel a sense of shame and resign voluntarily… The credibility of our electoral process has been completely destroyed. That is why we say that today’s rally is the voice of the people; it is, in essence, the people’s own rally…”
— ANI (@ANI) November 1, 2026
08:09 AM, 01-Nov-2026
रामलीला मैदान के बाहर बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात
विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ब्लॉक की दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली के मद्देजनर राजधानी में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों के साथ ही अन्य सुरक्षा बलों के जवान तैनात किए गए हैं।
#WATCH | Delhi: Security deployed outside Ramlila Maidan ahead of the INDIA bloc’s mega rally. https://t.co/Lg52NVXHHu
— ANI (@ANI) November 1, 2026
07:30 AM, 01-Nov-2026
डोटासरा का दावा- दिल्ली में 10 लाख लोग जुटेंगे, NDA गठबंधन के लिए अब उल्टी गिनती शुरू
राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि देश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण घटना होने वाली है, जो सुनहरे अक्षरों में दर्ज होगी। उन्होंने बताया कि INDIA गठबंधन के नेतृत्व में, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ, 10 लाख से अधिक लोग एक विशाल प्रदर्शन और रैली के लिए एकजुट हो रहे हैं। इसका उद्देश्य देश के संविधान, राष्ट्र और नागरिकों के मतदान के अधिकार की रक्षा करना है। डोटासरा ने दावा किया कि दिल्ली ने अपने पूरे इतिहास में इतनी बड़ी रैली कभी नहीं देखी होगी। उन्होंने इस प्रयास को लोकतंत्र की रक्षा के लिए ऐतिहासिक बताया। डोटासरा के अनुसार, यह आंदोलन 2028 में यहां कांग्रेस सरकार और 2029 में राष्ट्रीय स्तर पर INDIA गठबंधन सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और NDA गठबंधन के लिए अब उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
07:05 AM, 01-Nov-2026
विपक्ष के आंदोलन पर मणिपुर की भाजपा अध्यक्ष क्या बोलीं?
दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली को लेकर मणिपुर की भाजपा अध्यक्ष ए. शारदा देवी ने कहा, ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब देश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) किया गया है। 20 साल बाद एसआईआर हुआ है। ऐसे रिव्यू पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल के दौरान भी किए गए थे। उनकी धारणा है कि वे जो भी काम करते हैं वही ‘अच्छा’ है—लेकिन उनसे पूछना चाहिए, क्या फिलहाल वे जो कर रहे हैं वह सच में अच्छा है? उन्हें बताना चाहिए कि उनके समय में किए गए एसआईआर और अब कराए जा रहे SIR में क्या अंतर है?
06:50 AM, 01-Nov-2026
गहलोत बोले: देश में असहमति बर्दाश्त नहीं, संस्थाएं दबाव में
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने देश की मौजूदा स्थिति को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। रामलीला मैदान में आयोजित रैली से पहले उन्होंने कहा कि देश की मौजूदा स्थिति जैसी होनी चाहिए, उसके बिल्कुल विपरीत है। गहलोत ने आरोप लगाया कि आज असहमति को भी बर्दाश्त नहीं किया जाता। सवाल पूछने वाले को देशद्रोही करार दिया जाता है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका, जांच एजेंसियां और चुनाव आयोग जैसी सभी संस्थाएं दबाव में हैं। यह सब सबके सामने स्पष्ट है। गहलोत ने युवा और जेन-जी पीढ़ी से कांग्रेस और भाजपा के बयानों की पड़ताल करने की अपील करते हुए कहा, इतिहास का अध्ययन करना भी जरूरी है। बिना इस अध्ययन के वे अपनी विचारधारा नहीं बना पाएंगे और न ही देश की सेवा कर पाएंगे। देश की सेवा के लिए तथ्यों का अध्ययन करना और सच्चाई के साथ खड़ा होना महत्वपूर्ण है।
06:35 AM, 01-Nov-2026
रामलीला मार्च की तैयारियों में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता और सेवादल सदस्य
दिल्ली के रामलीला मैदान में आहूत रैली की तैयारियों का जायजा लेने प्रियंका गांधी खुद देर रात पहुंचीं थीं। रविवार तड़के आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा सेवादल के सदस्य रामलीला मैदान में ठंड के बावजूद पूरे उत्साह के साथ जुटे हुए हैं।
#WATCH | Delhi: Preparations are underway at the Ramlila Maidan for the INDIA bloc’s mega rally today. https://t.co/RzPKMRLbCr
— ANI (@ANI) November 1, 2026
06:08 AM, 01-Nov-2026
INDIA ब्लॉक की रैली पर कानून मंत्री मेघवाल ने उठाए सवाल
आज रामलीला मैदान में होने वाली रैली पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सवाल उठाए हैं। विपक्षी दलों के गठबंधन- इंडिया ब्लॉक के आह्वान को लेकर उन्होंने कहा, सहयोगी दल भी इस तारीख पर प्रदर्शन के पक्ष में नहीं। मेघवाल ने 1 नवंबर को इंदिरा गांधी की हत्या (1984) के बाद दिल्ली में सिख विरोधी अत्याचारों का भी जिक्र किया। उन्होंने राहुल गांधी पर संवेदनशीलता की कमी का आरोप लगाते हुए कहा, सिख प्रतिनिधियों के अलावा दिल्ली के व्यापार संगठनों ने भी दिवाली के चलते तारीख बदलने का अनुरोध किया। थोक व्यापारी साल भर इस समय का इंतजार करते हैं। लाखों लोगों के जमावड़े से बाजार बाधित होंगे, दुकानें बंद होंगी और ग्राहक नहीं पहुंच पाएंगे। लेकिन राहुल गांधी उनकी बात सुनने और तारीख बदलने को तैयार नहीं हैं।
05:45 AM, 01-Nov-2026
केरल, यूपी और बंगाल से दिल्ली पहुंचे दिग्गज; ममता बनर्जी पर क्या बोले मंत्री शरदवत मुखर्जी?
केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत कई नेता रामलीला मैदान की रैली के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शामिल होने को लेकर सीएम शुभेंदु अधिकारी की सरकार में मंत्री शरदवत मुखर्जी ने कहा, ‘वे अपना राजनीतिक वजूद बचाए रखने के लिए तैरना सीखने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे तैर नहीं पा रहे हैं। वे बंगाल में पूरी तरह डूब चुके हैं। अब दिल्ली में हैं। राहुल गांधी और सोनिया गांधी, ममता बनर्जी को पॉलिटिकल लाइफलाइन दे रहे हैं। ममता बनर्जी अब वाम मोर्चे से भी हाथ मिला रही हैं। ये वही समूह है जिसे राहुल गांधी ने कभी समाज का दुश्मन कहा था। उन्होंने गठजोड़ पर तंज कसते हुए कहा, ‘बंगाल की आंटी और दिल्ली का बच्चा आजकल हाथ में हाथ डालकर चल रहे हैं।
अभिषेक बनर्जी पर तल्ख टिप्पणी, दाऊद का जिक्र क्यों?
ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी के बारे में एक सवाल पर शरदवत मुखर्जी ने कहा, ‘हमें इन चोरों और ठगों के बयानों पर भरोसा नहीं है, और न ही हम उन पर कमेंट करना चाहते हैं। अगर हम उनकी बात सुनने लगें, तो दाऊद इब्राहिम भी भाषण देने लग सकता है। ये लोग दाऊद के बराबर हैं। उनके संस्कार खराब हो गए हैं, और वह नासमझ है। मैं अब भी उससे कह रहा हूं कि सुधर जाओ और सही रास्ते पर लौट आओ।’
05:20 AM, 01-Nov-2026
आंदोलन और महाभियोग से पहले भाजपा ने कांग्रेस प्रमुख खरगे से क्या कहा?
इंडिया ब्लॉक की तरफ से आंदोलन के आह्वान और ज्ञानेश कुमार के विरोध पर भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा, विपक्ष देश में अराजकता, भ्रम और डर फैलाकर भाई-भतीजावाद और वंशवाद की राजनीति का राज स्थापित करने की ताक में है। उन्होंने कांग्रेस प्रमुख से कहा, ‘ऐसा कभी नहीं होगा, खरगे साहब। चाहे आप प्रधानमंत्री के पिता को गाली दें, उनकी मां को गाली दें, देश के लोगों को गाली दें, या किसी खास धर्म के लोगों को गाली दें, आपकी बातों में अब कोई तथ्य नहीं बचा है।’ बकौल गौरव वल्लभ, अगर विपक्ष के पास इतने बड़े और गंभीर आरोप लगाने से पहले आपके पास एक भी तथ्य है, तो उस तथ्य को देश के सामने रखें, उस तथ्य को कोर्ट के सामने रखें। भ्रम, डर और अराजकता फैलाना बंद करें।
05:05 AM, 01-Nov-2026
कांग्रेस सांसद बोले- रामलीला मैदान की विशाल रैली ‘दूसरा स्वतंत्रता संग्राम’
कांग्रेस सांसद करमवीर सिंह बौद्ध ने कहा कि देश भर से बड़ी संख्या में लोग एक विशाल ‘पंचायत’ या रैली के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने इसे जनता के गहरे गुस्से का प्रतीक बताया। बौद्ध ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस सांविधानिक संस्थाओं के कामकाज में बाधा डाल रहे हैं। वे लाखों नागरिकों के वोट मनमाने ढंग से हटा रहे हैं, जिससे देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने सांप्रदायिक ध्रुवीकरण, रिकॉर्ड महंगाई और शिक्षा व्यवस्था के ध्वस्त होने का भी जिक्र किया। सांसद ने सभी नागरिकों से, जाति या धर्म की परवाह किए बिना, देश को बचाने के लिए इस ‘दूसरे स्वतंत्रता संग्राम’ में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह जमावड़ा हाल के वर्षों में किसी भी त्योहार या आयोजन से बड़ा है। बौद्ध ने व्यापारियों से भी इस संघर्ष में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की।
