शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सीमा गृह रक्षा भर्ती में फर्जीवाड़ा:बोनस अंकों के लिए लगाए जाली सर्टिफिकेट, 17 अभ्यर्थियों पर केस – Border Home Guard Recruitment Fraud 17 Candidates Booked For Using Fake Certificates To Gain Bonus Marks
बाड़मेर

सीमा गृह रक्षा भर्ती में फर्जीवाड़ा:बोनस अंकों के लिए लगाए जाली सर्टिफिकेट, 17 अभ्यर्थियों पर केस – Border Home Guard Recruitment Fraud 17 Candidates Booked For Using Fake Certificates To Gain Bonus Marks

November 1, 2026


सीमा गृह रक्षा दल भर्ती-2022 में नौकरी पाने के उद्देश्य से फर्जी प्रमाण पत्र जमा कराने वाले 17 अभ्यर्थियों के खिलाफ बाड़मेर के कोतवाली थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। चयन सूची में स्थान पाने तथा बोनस अंक हासिल करने की नीयत से इन अभ्यर्थियों ने खेलकूद, स्काउट, कंप्यूटर और आईटीआई के फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए थे। विभागीय सत्यापन के दौरान जांच अधिकारियों ने इन सभी प्रमाण पत्रों को पूरी तरह फर्जी पाया।

भर्ती प्रक्रिया में कूटरचित दस्तावेज

सीमा गृह रक्षा दल में वर्ष 2022 के दौरान आयोजित स्वयंसेवक भर्ती प्रक्रिया में बोनस अंक पाने के लिए कई अभ्यर्थियों ने फर्जीवाड़ा किया। सत्यापन के समय अधिकारियों ने पाया कि अभ्यर्थियों ने स्काउट-गाइड, स्पोर्ट्स, कंप्यूटर और आईटीआई के कूटरचित प्रमाण पत्र संलग्न किए थे। इसके अतिरिक्त एक अभ्यर्थी ने अनुसूचित जनजाति वर्ग से होने के बाद भी अपनी वास्तविक जाति छिपाकर अनुसूचित जाति वर्ग का प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर दिया। फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद विभाग ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।

विभिन्न कंपनियों के आरोपित अभ्यर्थी

विभाग द्वारा जारी विवरण के अनुसार रामसर कंपनी में प्रेम सिंह ने स्काउट, देवी सिंह ने कंप्यूटर, आईटीआई व खेलकूद, भीख सिंह ने स्काउट, पिंटू सिंह ने खेलकूद, सवाई सिंह ने स्काउट, दशरथ सिंह ने स्काउट, सुखदेव सिंह ने स्काउट और हेमाराम ने अनुसूचित जाति वर्ग का फर्जी प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया। जसवंत सिंह ने खेलकूद व स्काउट, जबकि रायपाल सिंह ने कंप्यूटर व आईटीआई के जाली दस्तावेज लगाए।

धोरीमन्ना कंपनी के रमेश कुमार ने कंप्यूटर और ड्राइविंग लाइसेंस का फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किया। शोभाला कंपनी के महेंद्रपाल सिंह ने खेलकूद व स्काउट, दशरथ सिंह ने आईटीआई, खेलकूद व स्काउट तथा नखत सिंह ने खेलकूद व स्काउट प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए। चौहटन कंपनी में चंदन सिंह ने आईटीआई, खेलकूद, स्काउट व ड्राइविंग लाइसेंस, भूपेंद्र सिंह ने आईटीआई व एनसीसी तथा गोविंद कुमार ने खेलकूद का फर्जी प्रमाण पत्र जमा कराया।

ये भी पढ़ें- राजस्थान: कांग्रेस की बढ़त, फिर भी बोर्ड नहीं…क्या अपनों ने बिगाड़ा खेल? अब 7 दिन में आएगी रिपोर्ट

विभागीय शिकायत पर पुलिस कार्रवाई

सीमा गृह रक्षा दल बाड़मेर के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी दीपसिंह ने बाड़मेर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सभी 17 अभ्यर्थियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गृह रक्षा के कमांडेंट महेंद्रसिंह ने बताया कि वर्ष 2022 की भर्ती प्रक्रिया में बोनस अंकों के लिए प्रस्तुत किए गए खेलकूद, स्काउट, आईटीआई और कंप्यूटर प्रमाण पत्रों की जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने पर विभाग ने यह कानूनी कार्रवाई की है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X