Kotdwar News:नहीं मिली रोडवेज बस, स्टेशन पर दो कोच की ट्रेन पर उमड़ी भीड़ – Roadways Bus Was Not Found, Crowd Gathered At The Station For The Two Coach Train
पैसेंजर ट्रेन में कोच बढ़ाने की उठाई मांग
कोटद्वार। रोडवेज कर्मचारियों के धरना-प्रदर्शन के चलते बस उपलब्ध नहीं होने पर रेलवे स्टेशन पहुंचे यात्रियों को महज दो कोच की ट्रेन में सवार होने के लिए जूझना पड़ा।
शनिवार को अक्तूबर का आखिरी दिन होने और एक नवंबर को रविवार होने के कारण मैदानी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पर्वतीय क्षेत्रों में बदले मौसम का लुत्फ उठाने पहुंचे हुए थे। वहीं, सिद्धबली मंदिर में माथा टेकने पहुंचे वालों की भी काफी भीड़ थी। शनिवार दोपहर तक धीरे-धीरे यह भीड़ बढ़ती चली गई। दरअसल रोडवेज डिपो में चालकों-परिचालकों का धरना-प्रदर्शन जारी होने के कारण काफी प्रतीक्षा के बाद भी लोगों को मैदानी क्षेत्रों में जाने के लिए बस उपलब्ध नहीं हो पा रही थी।
नजदीक ही रेलवे स्टेशन होने के कारण लोग स्टेशन पहुंचे और ट्रेन की प्रतीक्षा की। नजीबाबाद से पैसेंजर ट्रेन कोटद्वार पहुंची तो ट्रेन में कोच महज दो ही थे जबकि यात्रियों की काफी भीड़ जमा थी। लोगों को ट्रेन में सवार होने के लिए काफी जूझना पड़ा। भीड़ का आलम यह था कि महिला कोच में पुरुष यात्रियों की भीड़ सवार हो गई। जीआरपी कर्मियों को पुरुषों से कोच को खाली कराना पड़ा।
यात्री मोनू कश्यप, मनोज वर्मा, सुरेंद्र शुक्ला, मोहम्मद उमर यात्रियों का कहना था कि ट्रेन में नियमित दैनिक यात्रियों के अलावा प्रत्येक मंगलवार, शनिवार और रविवार को सिद्धबली मंदिर आने वाले श्रद्धालु और वीकेंड पर पर्वतीय क्षेत्रों में सैरसपाटे के लिए आने वाले लोग सवार होते हैं। उन्होंने यात्रियों को होने वाली असुविधा को देखते हुए ट्रेन में कम से कम दो कोच बढ़ाने की मांग की।
