Maharajganj News:त्योहार पर मोबाइल बाजार में बढ़ी रौनक, नए मॉडल कर रहे आकर्षित – The Villagers Demanded That The Administration Repair The Road Before Chhath Puja
महराजगंज। धनतेरस और दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही शहर के मोबाइल बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। मोबाइल की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही तेज हो गई है। पर्व पर स्मार्टफोन खरीदने के लिए लोग दुकानों पर पहुंच रहे हैं। युवा नए मॉडल और आधुनिक फीचर्स वाले मोबाइल को लेकर उत्साहित हैं। ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से फोन पसंद कर रहे हैं।
बाजार में इन दिनों विभिन्न कंपनियों के नए स्मार्टफोन उपलब्ध हैं। मोबाइल खरीदने पहुंच रहे ग्राहक कैमरे की गुणवत्ता, बैटरी बैकअप, रैम, स्टोरेज और प्रोसेसर की जानकारी ले रहे हैं। युवाओं में बेहतर कैमरा और अधिक स्टोरेज वाले फोन की मांग है। वहीं, सामान्य उपयोग के लिए कम कीमत वाले स्मार्टफोन भी पसंद किए जा रहे हैं। बाजार में आठ हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक के मोबाइल उपलब्ध हैं।
हनुमानगढ़ी चौराहे के मोबाइल कारोबारी आकाश कश्यप और सुरेश कुमार ने बताया कि धनतेरस और दिवाली को देखते हुए दुकानों में विभिन्न कंपनियों के नए मॉडल मंगाए गए हैं। आठ से 15 हजार रुपये और 15 से 50 हजार रुपये तक की रेंज में स्मार्टफोन उपलब्ध हैं। ग्राहकों की पसंद और जरूरत को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग फीचर्स वाले मोबाइल रखे गए हैं। त्योहार पर ग्राहकों को आकर्षक ऑफर के साथ फाइनेंस की सुविधा भी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि धनतेरस और दिवाली पर नया मोबाइल खरीदने को शुभ मानने वाले ग्राहक जानकारी के लिए आ रहे हैं। उम्मीद है कि त्योहार के दौरान भीड़ और बढ़ेगी। इससे मोबाइल कारोबार में भी तेजी आने की संभावना है।
