अर्नब के बाद अब मुरासु की दस्तक! कैसे पड़ा चक्रवात का नाम, क्या है मतलब और कहां-कहां होगा असर
अर्नब का असर अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुआ था कि एक नई आफत ने भारत के पूर्वी तट पर दस्तक दे दी है. इस नए चक्रवात का नाम मुरासु है. जो 3 नवंबर को आंध्रप्रदेश के तट से टकरा सकता है. इस वजह से आंध्र, ओडिशा समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मुरासु की शुरुआत बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी पश्चिमी हिस्से में हुई थी. अब यह डीप डिप्रेशन में बदलकर चक्रवाती तूफान बन चुका है जो तेजी से भारत की ओर बढ़ रहा है.
मुरासु चक्रवात का खतरा देखते हुए आंध्रप्रदेश, ओडिशा समेत आसपास के राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया गया है. खासकर साउथ ओडिशा और आंध्रप्रदेश के तटीय इलाकों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को वहां से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम शुरू कर दिया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक अभी चक्रवात की विशाखापत्तनम से दूरी तकरीबन 660 किमी है. जो 3 नवंबर को यहां तक पहुंच सकता है.
मुरासु असल में तमिल भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ नगाड़ा या युद्ध का ढोल होता है. पुराने समय में युद्ध में जीत या किसी खास ऐलान के समय नगाड़ों को बजाया जाता था. भारत ने हिंद महासागर क्षेत्र के चक्रवातों की आधिकारिक नाम की सूची में ये नाम दिया था, जिसका इस्तेमाल अब किया जा रहा है. दरअसल किसी भी चक्रवाती तूफान का नाम उसकी गति, तीव्रता या तबाही का अंदाजा लगाकर नहीं दिया जाता. विश्व मौसम विज्ञान संगठन और संयुक्त राष्ट्र ने इसके लिए एक व्यवस्था तय की है.
बंगाल की खाड़ी में चक्रवात मुरासु बनने की आशंका है. (फोटो AP)
हिंद महासागर और बंगाल की खाड़ी में आने वाले चक्रवातों का नाम 13 देशों द्वारा सुझाया जाता है. इनमें भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान, श्रीलंका, मालदीव, म्यांमार, थाईलैंड, ईरान, कतर, सऊदी अरब, ओमान, संयुक्त अरब अमीरात और यमन शामिल हैं. सभी देश विश्व मौसम विज्ञान संगठन को 13 नामों की सूची देते हैं. इस तरह कुल 169 नामों का पैनल तैयार होता है. इनका इस्तेमाल तय क्रम के हिसाब से किया जाता है. अगर एक बार किसी चक्रवात के नाम का इस्तेमाल हो जाता है तो उसे दोबारा फिर सूची में शामिल नहीं किया जाता.
किसी भी चक्रवात का नाम चाहे किसी भी देश का सुझाया गया हो, लेकिन उसका ऐलान नई दिल्ली स्थित क्षेत्रीय विशेषीकृत मौसम विज्ञान केंद्र का होता है. जो IMD के तहत काम करता है. इसे नामों की सूची विश्व मौसम विज्ञान संगठन उपलब्ध कराता है. बाकी देशों को अपने क्षेत्र में मौसम की निगरानी करनी होती है और सभी देशों के साथ सामंजस्य बैठाना होता है. जो नाम सुझाए जाते हैं उनके बारे में विश्व मौसम विज्ञान संगठन की ओर से कुछ नियम तय किए गए हैं. मसलन नाम छोटा होना चाहिए जो आसानी से बोला जा सके. अधिकतम 8 अक्षर का हो. ऐसा नाम हो जो किसी धर्म संस्कृति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला न हो.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक मुरासु उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. यह 3 नवंबर की सुबह लैंडफाल कर सकता है, लेकिन इसका असर आंध्र प्रदेश में कल यानी 2 नवंबर से ही दिखने लगेगा. यहां तेज हवाओं के साथ भारी बारिश शुरू हो सकती है. हालांकि इसके लैंडफाल के बाद इसका ज्यादा असर देखने को मिलेगा. खासतौर से साउथ ओडिशा में तेज बारिश की संभावना जताई गई है. रायलसीमा में भी तेज हवा के साथ भीषण बारिश और यानम तथा आसपास के इलाकों में भी 100 से 110 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है. जो अधिकतम 120 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
मौसम विज्ञान विभाग की ओर से अब तक जो पुर्वानुमान जताए गए हैं, उनके हिसाब से मुरासु की तीव्रता कम रहने की संभावना है. दरअसल अर्नब जब आंध्रप्रदेश से टकराया था तब उसकी हवा की रफ्तार 130 किमी प्रति घंटा तक पहुंची थी. हालांकि मुरासु की स्पीड 100 से 110 किमी प्रति घंटा ही रहने की संभावना जताई गई है. हालांकि तीव्रता का मतलब ये नहीं कि नुकसान नहीं होगा. यह उतना खतरनाक नहीं है, मगर तबाही का कारण बन सकता है.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login
