दौसा:पंचायत चुनाव में बांटने के लिए लाई जा रही थी हरियाणा की शराब! कार से पांच कार्टून जब्त, दो गिरफ्तार – Police Action Ahead Of Panchayati Raj Elections: 5 Cartons Of Illicit Liquor Manufactured In Haryana Seized
दौसा में पंचायती राज चुनाव 2026 से पहले सदर थाना पुलिस ने स्कॉर्पियो से हरियाणा निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब के पांच कार्टून जब्त किए हैं। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन भी जब्त कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में शराब हरियाणा से लाकर चुनाव के दौरान बांटने की तैयारी की बात सामने आई है। पुलिस अब पता लगा रही है कि शराब किसके लिए लाई गई थी।
स्कॉर्पियो की नंबर प्लेट पर लगी थी मिट्टी
सदर थाना पुलिस ने गश्त और चेकिंग के दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो से हरियाणा निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब के पांच कार्टून जब्त किए हैं। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया गया है।
थानाधिकारी युधिष्ठिर सिंह ने बताया कि पंचायती राज चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। शनिवार देर रात सदर थाना पुलिस की टीम नगरपालिका भाण्डारेज क्षेत्र में रात्रि गश्त पर थी।
इसी दौरान भाण्डारेज दरवाजे के पास सड़क किनारे एक काले रंग की स्कॉर्पियो संदिग्ध हालत में खड़ी दिखाई दी। गाड़ी की नंबर प्लेट पर जानबूझकर मिट्टी लगी हुई थी, जिससे नंबर स्पष्ट नजर नहीं आ रहा था। कार में दो व्यक्ति बैठे थे, जो पुलिस को देखकर घबरा गए।
तलाशी में मिले हरियाणा निर्मित शराब के पांच कार्टून
पुलिस टीम ने दोनों युवकों से देर रात वहां खड़े होने का कारण पूछा, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। संदेह होने पर पुलिस ने नियमानुसार स्कॉर्पियो की तलाशी ली। इस दौरान पिछली सीट और डिक्की में रखे पांच कार्टूनों में हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने दोनों से शराब का वैध परमिट और लाइसेंस मांगा, लेकिन वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने शराब और वाहन जब्त कर लिया।
दिल्ली और दौसा के रहने वाले हैं आरोपी
पूछताछ में चालक सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अक्षय पुत्र राजू बैरवा निवासी पाडली, हाल एच-161 मंगोलपुरी, उत्तरी-पश्चिमी दिल्ली बताया। दूसरे व्यक्ति की पहचान सुनील पुत्र रामधन बैरवा निवासी मलवास्या की ढाणी, नांगल गोविन्द के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।
चुनाव में बांटने के लिए लाई गई थी शराब?
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शराब हरियाणा से तस्करी कर लाई गई थी और पंचायती राज चुनाव के दौरान बांटने की तैयारी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब किस प्रत्याशी या उसके समर्थक के लिए लाई गई थी और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है। आरोपियों से इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।
हरियाणा और यूपी सीमा पर बढ़ाई चौकसी
पंचायती राज चुनाव के दौरान मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब और अन्य प्रलोभन सामग्री बांटे जाने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ाई है। एसपी ने सभी थानाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन नाकाबंदी और चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से हरियाणा और उत्तर प्रदेश से लगती सीमाओं पर चौकसी बढ़ाई गई है। थानाधिकारी के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक अभियान जारी रहेगा। पुलिस अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
