Solan News:अहोई अष्टमी आज, संतान की सुख-समृद्धि के लिए महिलाएं रखेंगी निर्जला व्रत – Today Is Ahoi Ashtami; Women Will Observe A Waterless Fast For The Well-being And Prosperity Of Their Children
दीवारों पर अहोई माता की आकृति बनाकर महिलाएं करेंगी विशेष पूजन
संतान की लंबी उम्र के लिए करेगी व्रत, तारों को अर्घ्य देकर खोलेंगी उपवास
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। बदलते दौर में भी अहोई अष्टमी व्रत की परंपरा कायम है। इस दिन महिलाएं अहोई माता की पूजा-अर्चना कर संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। कई महिलाएं आज भी गेरू से दीवार पर अहोई माता का आकृति बनाकर पूजा करती हैं। पूजन में गन्ने और मूली का विशेष महत्व है। महिलाएं निर्जला उपवास रखती हैं और पूरी, खीर सहित विभिन्न पकवानों का भोग लगाती हैं। इसके अलावा मिट्टी के घड़ों में बच्चों की पसंदीदा चीजें रखकर उन्हें बांटने की परंपरा भी निभाई जाती है।
रविवार को अहोई अष्टमी के अवसर पर महिलाएं संतान की खुशहाली और दीर्घायु के लिए व्रत रखेंगी। व्रत के लिए महिलाएं सुबह स्नान के बाद दीवार पर गेरू या गोबर से अहोई माता का चित्र बनाकर पूजा-अर्चना करेंगी। वहीं, कुछ महिलाएं बाजार से माता के चित्र खरीदकर उनकी पूजा करेंगी। शाम को पूजा के बाद तारों को अर्घ्य देकर महिलाएं अपना व्रत खोलेंगी।
गंज बाजार स्थित शूलिनी माता मंदिर के पुजारी लक्ष्मीकांत शर्मा ने बताया कि अहोई अष्टमी का व्रत भी करवा चौथ की तरह रखा जाता है। महिलाएं सुबह सरगी ग्रहण कर व्रत शुरू करती हैं और शाम को अहोई माता का पाठ कर पूजा करती हैं। उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5:36 से 6:45 बजे तक रहेगा। इसकी अवधि एक घंटा 18 मिनट बताई गई है। शाम करीब 6 बजे तारे दिखाई देने की संभावना है। महिलाएं तारों के दर्शन कर उन्हें अर्घ्य देंगी और संतान की खुशहाली की कामना के साथ व्रत खोलेंगी। उन्होंने बताया कि इस दिन माता पार्वती के अहोई स्वरूप की पूजा की जाती है।
