रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अल्मोड़ा

Almora News:पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा कल, नौ केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा 163 लागू – Pcs Preliminary Examination Tomorrow; Section 163 Imposed Within A 200-meter Radius Of Nine Centers

November 28, 2026


अल्मोड़ा। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से 29 नवंबर को आयोजित होने वाली सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए परगना मजिस्ट्रेट सदर सीमा विश्वकर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर दो से शाम चार बजे तक आयोजित होगी। इसके लिए जिले में नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें राजकीय पॉलीटेक्निक पातालदेवी, एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज, पीएमश्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, विवेकानंद इंटर कॉलेज, विवेकानंद बालिका विद्या मंदिर जीवनधाम, रैमजे इंटर कॉलेज और पीएमश्री राजा आनंद सिंह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शामिल हैं।

आदेश के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में अस्त्र-शस्त्र, आग्नेयास्त्र, धारदार हथियार और लाठी-डंडे लेकर चलने, ईंट-पत्थर एकत्र करने तथा पांच या इससे अधिक लोगों के समूह में एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि परीक्षार्थियों, परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों और पुलिस बल को इससे छूट रहेगी। आदेश परीक्षा के दिन निर्धारित समय तक प्रभावी रहेगा। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X