Almora News:बच्चे को झांसे में लेकर महिला के खाते से उड़ाए 2.06 लाख रुपये – Rs 2.06 Lakh Siphoned Off From A Woman’s Account After Deceiving Her Child
अल्मोड़ा। साइबर ठगों ने एक बार फिर मासूम बच्चे को अपने जाल में फंसाकर महिला के बैंक खाते से 206389 रुपये उड़ा लिए। मामला एनटीडी निवासी शगुफ्ता हसन का है। पीड़िता की शिकायत पर अल्मोड़ा कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार उनका बच्चा कक्षा पांच में पढ़ता है। वह रोजाना स्कूल से घर आने के बाद करीब एक घंटे तक मोबाइल पर गेम खेलता है। बीते 15 नवंबर को भी बच्चा अपनी मां के मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी दौरान एक अनजान व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने बच्चे से बातचीत कर मेलजोल बढ़ाया और अपनी मां के इलाज के लिए एक रुपये की कमी होने की बात कहते हुए मदद मांगी। उसकी बातों में आकर बच्चे ने मोबाइल से गूगल पे के माध्यम से उसे एक रुपया भेज दिया।
इसके बाद साइबर ठग ने बच्चे से मोबाइल पर आया ओटीपी पूछ लिया। मासूम ने अनजान व्यक्ति पर भरोसा कर ओटीपी बता दिया। इसके बाद शगुफ्ता हसन के एचडीएफसी बैंक खाते से 2,06,389 रुपये निकाल लिए गए। महिला के पति एजाज हुसैन ने बताया कि उन्हें 22 नवंबर को खाते से धनराशि गायब होने की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी तब लगी जब उनके खाते के पैसे उनकी पत्नी के खाते में जाने लगे और उनके खाते की रकम कम होने लगी। वहीं पत्नी के खाते से वह रकम निकाल ली गई। उन्होंने बताया कि खाते से निकल रही रकम केनरा बैंक में सुनंदा यादव नाम के खाते में जा रही थी। शुरुआत में उन्हें खाते की धनराशि कम होने का कारण समझ नहीं आया। शक होने पर जांच की तो साइबर ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कोट
एनटीडी के बलढौटी निवासी एक महिला शगुफ्ता हसन ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपनी पहचान छिपाकर उनके साथ साइबर ठगी की है। मामले में आईटी एक्ट और जालसाजी की प्राथमिकी दर्ज कर इसकी विवेचना कर कार्रवाई जा रही है। – बलवंत सिंह रावत, सीओ अल्मोड़ा।
