रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हापुड़

Hapur News:15 साल बाद परिवहन विभाग को मिलेगा अपना कार्यालय, आज होगा शुभारंभ – Transport Department To Get Its Own Office After 15 Years; Inauguration To Take Place Today

November 28, 2026


हापुड़। जिला बनने के करीब 15 साल बाद परिवहन विभाग को अपना कार्यालय मिलने जा रहा है। मेरठ रोड स्थित गांव दादरी में करीब दो एकड़ जमीन पर 9.85 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) भवन का शनिवार आज को उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह शुभारंभ करेंगे। हालांकि, भवन का उद्घाटन होने के बाद भी अधिकारियों और कर्मचारियों को यहां बैठने के लिए करीब 10 दिन का इंतजार करना पड़ेगा। फिलहाल भवन में फर्नीचर लगाने और बिजली की फिटिंग का काम अधूरा है।

जल निगम की कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस यूनिट गाजियाबाद ने इस भवन का निर्माण कराया है। परिसर में चारदीवारी, मुख्य भवन, प्लास्टर सहित अधिकांश निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। भवन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया गया है, इसमें अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अलग-अलग कार्यालय कक्ष, कांफ्रेंस रूम, सारथी हॉल, पार्किंग सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शेष कार्य पूरा होने के बाद करीब 10 दिन में नए भवन से विभागीय कामकाज शुरू होने की उम्मीद है।

बता दें कि हापुड़ वर्ष 2011 में जिला बना था। इसके बाद लगभग सभी प्रमुख सरकारी विभागों के अपने भवन तैयार हो चुके हैं, लेकिन परिवहन विभाग को अब तक किराये के भवन से ही कामकाज करना पड़ रहा था। वर्तमान में एआरटीओ कार्यालय मेरठ रोड पर महज छह कमरों के किराये के भवन में संचालित हो रहा है। सीमित जगह होने के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों को परेशानी उठानी पड़ती है। कार्यालय में जरूरी फाइलें रखने तक के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है।

वहीं, पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले आवेदकों को अपने वाहन कार्यालय के बाहर सड़क किनारे खड़े करने पड़ते हैं। इससे मेरठ रोड पर जाम लगने के साथ हादसों का खतरा भी बना रहता है। नए भवन में पार्किंग की सुविधा मिलने से इस समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

मामले में एआरटीओ प्रशासन छवि सिंह का कहना है कि भवन का काम लगभग पूरा हो चुका है। फर्नीचर और कुछ बिजली की फिटिंग का कार्य अंतिम चरण में है, यह भी जल्द पूरा हो जाएगा।

सारथी हॉल से मिलेगी बड़ी सहूलियत

नए कार्यालय में सारथी हॉल बनाया गया है। इससे ड्राइविंग लाइसेंस सहित परिवहन संबंधी कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा कांफ्रेंस रूम और पर्याप्त कार्यालय कक्ष होने से विभागीय बैठकों और प्रशासनिक कार्यों को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सकेगा। नए भवन के शुरू होने से अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ ही रोजाना कार्यालय पहुंचने वाले आवेदकों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X