Ambala News:ग्रुप डांस के प्रथम ग्रुप में पुलिस डीएवी स्कूल की टीम ने मारी बाजी – The Team From Police Dav School Emerged Victorious In The First Group Of The Group Dance Category
अंबाला। मंडल स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिताओं में पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल की टीम ने ग्रुप डांस के प्रथम ग्रुप में बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया। वहीं, पीकेआर जैन वाटिका स्कूल और लॉर्ड महावीर जैन पब्लिक स्कूल कैंट की टीमों ने भी अपनी-अपनी श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त कर अंबाला का मान बढ़ाया।
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद के तत्वावधान में जिला बाल कल्याण परिषद कुरुक्षेत्र की ओर से बाल भवन में 25 से 27 नवंबर तक मंडल स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। जिला स्तर पर विजेता रहे अंबाला के प्रतिभागियों ने पहले दिन की स्पर्धाओं में निर्णायकों और दर्शकों को अपनी प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिताओं में किया शानदार प्रदर्शन
ग्रुप डांस प्रतियोगिता के तहत प्रथम ग्रुप में पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल, तृतीय ग्रुप में पीकेआर जैन वाटिका स्कूल और चतुर्थ ग्रुप में लॉर्ड महावीर जैन पब्लिक स्कूल कैंट की टीम प्रथम रही। वहीं, द्वितीय और चतुर्थ ग्रुप में पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल अंबाला शहर की टीमों ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार सोलो डांस में द्वितीय ग्रुप में सोहनलाल डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिटी की गुरसीरत कौर और तृतीय ग्रुप में आर्मी पब्लिक स्कूल कैंट की भूमिका उप्रेती ने पहला स्थान हासिल किया। चतुर्थ ग्रुप में पीएम श्री केवी नंबर-2 कैंट की अश्विका दूसरे स्थान पर रहीं।
जिला बाल कल्याण अधिकारी, अंबाला ने इस उपलब्धि पर सभी विजेता बच्चों, उनके अभिभावकों, संबंधित स्कूलों के प्राचार्यों और अध्यापकों को बधाई दी। उन्होंने आगामी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों को भी श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
