रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ambala News:दहेज हत्या के दोषी को 10 साल के कारावास की सजा – 10-year Prison Sentence For Person Convicted Of Dowry Death
अंबाला

Ambala News:दहेज हत्या के दोषी को 10 साल के कारावास की सजा – 10-year Prison Sentence For Person Convicted Of Dowry Death

November 25, 2026


10-year prison sentence for person convicted of dowry death

 प्रिया फाइल फोटो

करनाल। बुलेट मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर पत्नी को प्रताड़ित करने के आरोपी पति को अदालत ने दहेज हत्या का दोषी करार दिया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश नेहा नोरिया की अदालत ने बुधवार को आरोपी विकास को भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 के तहत दोषी ठहराया और 10 साल की सजा सुनाई। विवाहिता प्रिया की शादी के महज पांच महीने बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पिता की शिकायत पर 14 मार्च 2025 को थाना सदर में एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके एक साल आठ माह बाद अदालत ने निर्णय सुनाया है।

जिला न्यायवादी डॉ. पंकज ने बताया कि आनंद विहार कॉलोनी निवासी विकास और प्रिया ने 23 अक्तूबर 2024 को मंदिर में प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में सब ठीक रहा लेकिन कुछ समय बाद पति ने पत्नी को ताने देने शुरू कर दिए। आरोप था कि वह प्रेम विवाह के कारण समाज में बदनामी होने और दहेज में कुछ नहीं मिलने की बात कहकर उसे प्रताड़ित करता था। उससे बुलेट मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर उसकी पिटाई भी की जाती थी।

प्रिया के पिता बंटी शाह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 मार्च को वह परिवार के साथ बेटी की ससुराल गया था। वहां समझाने के बावजूद ससुराल पक्ष अपनी मांग पर अड़ा रहा। 13 मार्च की शाम भी प्रिया की बहन साक्षी उसे लेने गई थी लेकिन विकास ने मोटरसाइकिल मिलने तक उसे भेजने से मना कर दिया। उसी रात प्रिया ने ससुराल में फंदा लगाकर जान दे दी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

सुसाइड नोट की लिखावट ने खोली अहम कड़ी

उप जिला न्यायवादी दीपक चौधरी ने बताया कि मामले में अदालत ने सुसाइड नोट को महत्वपूर्ण साक्ष्य माना। उसके हस्ताक्षर से इसकी पहचान की पुष्टि भी हुई थी। नोट और प्रिया की रजिस्टर में लिखावट को जांच के लिए मधुबन एफएसएल भेजा गया। रिपोर्ट में दोनों की लिखावट एक ही व्यक्ति की होने की पुष्टि हुई। नोट में प्रिया ने ससुराल में ताने सुनने, प्यार और अपनापन नहीं मिलने तथा रोज-रोज मानसिक पीड़ा झेलने का जिक्र किया था। हालांकि, नोट में किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिखा था।

10 गवाह किए गए पेश

अभियोजन पक्ष ने अदालत में 10 गवाह पेश किए। इनमें प्रिया के पिता और चाचा की गवाही अहम रही। दोनों ने बताया कि विकास दहेज की मांग को लेकर प्रिया को प्रताड़ित करता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फंदे से दम घुटना बताया गया। अदालत ने माना कि शादी के सात साल के भीतर असामान्य परिस्थितियों में हुई मौत और दहेज के लिए प्रताड़ना के साक्ष्य साबित होने पर भारतीय साक्ष्य अधिनियम की धारा 118 के तहत दहेज हत्या की धारणा लागू होती है। आरोपी इस धारणा को गलत साबित करने के लिए कोई बचाव साक्ष्य पेश नहीं कर सका।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X