बराड़ा। उगाला में आयोजित नॉर्थ इंडिया महिला साइक्लिंग लीग के पहले दिन हरियाणा की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता के एलीट, जूनियर और सब-जूनियर तीनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल कर सभी पदकों पर कब्जा जमाया। उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से पहुंची करीब 200 महिला साइकिलिस्टों की भागीदारी ने इस आयोजन को खास बना दिया। निर्धारित दूरी की स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी गति, कौशल और सहनशक्ति का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
एलीट महिला वर्ग (25 किमी) में मीनाक्षी ने प्रथम, अंशु देवी ने द्वितीय और भूमिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।जूनियर गर्ल्स वर्ग (15 किमी) में शोफा प्रथम, असगा रानी द्वितीय और मनप्रीत तृतीय स्थान पर रहीं। सब-जूनियर गर्ल्स वर्ग (10 किमी) में दीक्षा ने प्रथम, दीक्षा ने द्वितीय और अंजल राणा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
हरियाणा साइक्लिंग एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी नीरज तंवर ने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), भारत सरकार और भारतीय साइक्लिंग महासंघ की ओर से देश में साइक्लिंग को बढ़ावा देने तथा महिला खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर साई कोच कुलदीप सिंह, मोहम्मद अजहरुद्दीन, जींद से संजय कुमार, फतेहाबाद से सुनील कुमार पुनिया, कैथल से सुनील समाना, पंचकूला से बृजेश व कोच अजीत तथा हांसी से गौरव वर्मा सहित विभिन्न जिलों के खेल प्रतिनिधि मौजूद रहे।