Ambala News:फैक्टरी में लगी भीषण आग, वैज्ञानिक उपकरण और मशीनें जलकर राख – Massive Fire Breaks Out At Factory; Scientific Equipment And Machinery Reduced To Ashes
अंबाला। छावनी की रामकिशन कॉलोनी के सामने स्थित आशा साइंटिफिक फैक्टरी में मंगलवार सुबह शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। फैक्टरी की तीसरी मंजिल पर लगी आग ने वहां रखे महंगे वैज्ञानिक उपकरणों, मशीनों और पैकिंग गत्तों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं दूर तक दिखाई देने से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
हादसे में करीब 8 से 10 लाख रुपये के सामान के जलने की आशंका है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि आग तीसरी मंजिल तक ही सीमित रही और निचले तल पर रखे सामान को बचा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा बच गया।
सुबह 6:45 बजे उठीं आग की लपटें
फैक्टरी में मौजूद तरुण सहित अन्य लोगों ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 6:45 बजे आसपास के लोगों ने फैक्टरी की तीसरी मंजिल से तेज लपटें और काला धुआं उठते देखा। स्थानीय निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना फैक्टरी के सुरक्षा गार्ड भोला नाथ को दी। इसके बाद दमकल विभाग और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया गया।
सजावटी लड़ियों में स्पार्किंग से हादसा
फैक्टरी में तैनात सुरक्षा गार्ड भोला नाथ ने बताया कि दीपावली के अवसर पर इमारत पर सजावटी लड़ियां लगाई गई थीं। सुबह इन्हीं लड़ियों में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण स्पार्किंग हुई। स्पार्किंग से निकली चिंगारी पास ही रखे पैकिंग गत्तों पर जा गिरी। इससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते तीसरी मंजिल पर रखे महंगे उपकरण और मशीनें आग की चपेट में आ गए।
सवा घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलते ही फायरमैन पापिंदर के नेतृत्व में दमकल विभाग की दो गाड़ियां और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और सवा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 8 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फायरमैन पापिंदर ने पुष्टि की कि प्राथमिक जांच में आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट ही सामने आई है।
फैक्टरी से देश-विदेश में भेजे जाते हैं उपकरण
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे फैक्टरी संचालकों के परिजनों ने बताया कि इस इकाई में तैयार किए जाने वाले वैज्ञानिक उपकरण देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विदेशों में भी निर्यात (एक्सपोर्ट) किए जाते हैं। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बाकी हिस्सों में रखा सामान सुरक्षित बच गया।

अंबाला छावनी में राम किशन कॉलोनी के सामने जली फैक्ट्री के सामान को दिखाता गार्ड। संवाद– फोटो : samvad
