शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमेठी

Amethi News:आठ घंटे गुल रही बिजली, 50 हजार उपभोक्ता परेशान – Power Out For Eight Hours; 50,000 Consumers Affected

November 20, 2026


फुरसतगंज। डिघिया और उदारी फीडर में अचानक फॉल्ट आने से बुधवार रात करीब 50 हजार उपभोक्ताओं को आठ घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा। रात 11 बजे ठप हुई आपूर्ति बृहस्पतिवार सुबह सात बजे बहाल हो सकी। इस दौरान घरों में अंधेरा छाया रहा। इन्वर्टर की बैटरी जवाब दे गई और मोबाइल फोन डिस्चार्ज होने से लोगों का संपर्क भी प्रभावित हुआ।

पानी की मोटर नहीं चलने से सुबह के जरूरी कामकाज भी प्रभावित हुए। रात में बिजली गुल होने पर उपभोक्ताओं को उम्मीद थी कि कुछ देर में आपूर्ति बहाल हो जाएगी, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी बिजली नहीं आई। इन्वर्टर बंद होने के बाद लोगों की परेशानी बढ़ गई। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को रातभर दिक्कत उठानी पड़ी।

सुबह पानी भरने, खाना बनाने और बच्चों को स्कूल भेजने की तैयारी में भी परेशानी हुई। उपभोक्ता दिलीप कुमार ने बताया कि बिजली जाने के बाद कुछ देर तक इन्वर्टर से काम चला, लेकिन उसकी बैटरी भी खत्म हो गई। मोबाइल डिस्चार्ज होने से जरूरी फोन नहीं कर सके। अमरेंद्र कुमार ने बताया कि पानी की मोटर नहीं चलने से घरेलू कामकाज प्रभावित हुए।

संदीप वर्मा और रामफेर ने भी रातभर बिजली न रहने से हुई परेशानी बताई। अवर अभियंता रामाचल गुप्ता ने बताया कि लाइन में खराबी आने से आपूर्ति बाधित हुई थी। कर्मचारियों ने फॉल्ट दूर कर दिया है। अब दोनों फीडरों पर बिजली आपूर्ति सामान्य रूप से चल रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X