Amethi News:दहेज उत्पीड़न के मामले में पति समेत पांच को तीन साल की सजा – Husband And Five Others Sentenced To Three Years In Dowry Harassment Case
अमेठी। दहेज उत्पीड़न और विवाहिता को घर से निकालने के मामले में अपर सिविल जज/न्यायिक मजिस्ट्रेट सुल्तानपुर मनीष कुमार की अदालत ने फैसला सुनाया। अदालत ने पति रामहरख समेत पांच ससुरालीजनों को दोषी ठहराते हुए तीन-तीन साल का कारावास और प्रत्येक पर छह हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।
मामला बाजारशुकुल थाना क्षेत्र के महोना पश्चिम गांव का है। मुंशीगंज के सरायखेमा निवासी गुड़िया देवी ने 30 दिसंबर 2015 को अदालत में परिवाद दर्ज कराया था। उनका विवाह वर्ष 2004 में रामहरख के साथ हुआ था। परिवाद में पति समेत ससुरालीजनों पर 10 लाख रुपये और बोलेरो की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया था।
पीड़िता ने 15 दिसंबर 2015 को हुई मारपीट की घटना में थाने पर एनसीआर भी दर्ज कराई थी। परिवाद के अनुसार शिकायत से नाराज होकर पति रामहरख, जेठ भारतलाल और शंभू सिंह तथा जेठानी शीला और दुखराजा ने 15 दिन बाद मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया था। पुलिस स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने अदालत में परिवाद दाखिल किया।
मामले के विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष ने अपने साक्ष्य और गवाह पेश किए। वहीं बचाव पक्ष ने आरोपियों को निर्दोष बताया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने पांचों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए तीन-तीन साल का कारावास और छह-छह हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।
