बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमेठी

Amethi News:हाईटेंशन लाइन में फाॅल्ट, 24 घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति – Fault In High-tension Line; Power Supply Remained Disrupted For 24 Hours

November 18, 2026


जामों। गौरा फीडर से जुड़े कई गांवों में शनिवार शाम से बिजली आपूर्ति ठप रही। बाजगढ़ के पास हाईटेंशन लाइन के दस पोल के तार आपस में छूने से हजारों उपभोक्ताओं को करीब 24 घंटे बिजली संकट झेलना पड़ा। इससे पानी की आपूर्ति से लेकर मोबाइल चार्जिंग तक प्रभावित रही। रविवार शाम चार बजे मरम्मत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।

बिजली गुल होने से ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित रही। रविवार सुबह तक आपूर्ति बहाल नहीं होने से घरों के इनवर्टर भी जवाब दे गए। पानी की मोटर नहीं चलने से टंकियां खाली हो गईं। लोगों को नहाने, खाना बनाने और दूसरे घरेलू काम निपटाने में परेशानी हुई। कई परिवारों को पानी के लिए दूसरों का सहारा लेना पड़ा।

बिजली संकट का असर कारोबार पर भी पड़ा। दुकानों और छोटे कारोबारियों के बिजली से चलने वाले उपकरण बंद रहे। मोबाइल फोन की बैटरी खत्म होने से लोगों का बाहरी संपर्क भी बाधित हुआ। बाजगढ़, बैदापुर, पूरे गुरौली और भटपुरवा समेत आसपास के गांवों के उपभोक्ता दिनभर बिजली आने का इंतजार करते रहे।

पानी और मोबाइल चार्जिंग का संकट

बाजगढ़ निवासी विपिन माधव तिवारी ने बताया कि बिजली नहीं आने से घर की पानी की टंकी खाली हो गई। माता प्रसाद ने बताया कि मोबाइल चार्ज नहीं होने से फोन बंद हो गया और दूर रहने वाले परिचितों से संपर्क नहीं हो सका।

दिनभर मरम्मत के बाद शाम को बहाल हुई आपूर्ति

अवर अभियंता सतीश कुमार ने बताया कि बाजगढ़ के पास हाईटेंशन लाइन के दस पोल के तार आपस में छू गए थे। ऊर्जा निगम के कर्मचारी रविवार सुबह से मरम्मत में जुटे थे। दिनभर की मशक्कत के बाद तार दुरुस्त किए गए। इसके बाद शाम चार बजे गौरा फीडर से जुड़े गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X