Auraiya News:कोल्ड स्टोरों से आलू निकासी की अंतिम तारीख 30 – The Final Date For The Removal Of Potatoes From Cold Stores Is The 30th
औरैया। जिला उद्यान अधिकारी सुनील तिवारी ने किसानों और निजी शीतगृह स्वामियों को निर्देश दिए हैं कि आलू व बीज आलू की निकासी 30 नवंबर तक कर लें। शासन ने आलू बोआई के अंतिम समय को देखते हुए यह तिथि तय की है।
उन्होंने किसानों से तेजी से आलू निकालने की अपील की है। भंडारण प्रभार अनुदान योजना का लाभ लेने के लिए पात्र किसान 30 नवंबर तक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं होंगे। जनपद के 17 कोल्ड स्टोरों में 1,37,253 मीट्रिक टन आलू भंडारित था, जिसमें से लगभग 76 फीसदी की निकासी हो चुकी है। अब तक 1,417 किसानों ने आवेदन किया है। इनमें से 581 किसानों के खातों में डीबीटी से 44.04 लाख रुपये की अनुदान राशि भेजी जा चुकी है। शेष आवेदनों का परीक्षण जारी है। (संवाद)
